‘स्प्लिट्सविला’ फेम प्रीत सिंह ने क्लब में मारपीट का लगाया आरोप, वीडियो में देंखे दांत टूटा और चेहरे पर चोटें आईं
टीवी रियलिटी शो स्प्लिट्सविला में नजर आ चुकीं प्रीत सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि मुंबई के एक नाइट क्लब में उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें उन्हें चोटें आईं और उनका दांत टूट गया।प्रीत सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उनके चेहरे पर चोटों के निशान और आंखों में सूजन साफ देखी जा सकती है। वीडियो में उन्होंने अपने चेहरे का क्लोजअप दिखाते हुए घटना के बाद की स्थिति साझा की है।
इसके साथ ही उन्होंने एक भावुक कैप्शन लिखा, जिसमें उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा सुना था कि मुंबई लड़कियों के लिए सबसे सुरक्षित शहरों में से एक है, लेकिन इस अनुभव ने उन्हें झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने लिखा कि घटना के बाद वह अभी भी सदमे में हैं, उनका चेहरा घायल है, आंखें सूजी हुई हैं और वह समझने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर उनके साथ क्या हुआ।इस मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। कई यूजर्स ने इस घटना पर चिंता जताई है और प्रीत सिंह के समर्थन में बात की है, वहीं कुछ लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल इस घटना को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, वायरल वीडियो के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है और लोग क्लब में सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। प्रीत सिंह के इस दावे ने एंटरटेनमेंट जगत में भी हलचल मचा दी है और अब सभी की नजर इस बात पर है कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।