जयपुर में खत्म हुई ‘दहाड़ 2’ की शूटिंग, वीडियो में देंखे सोनाक्षी सिन्हा ने टीम के साथ मनाया जश्न
बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने अपनी आगामी वेब सीज ‘दहाड़ 2’ के जयपुर शेड्यूल की शूटिंग पूरी कर ली है। करीब तीन महीने से अधिक समय तक राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में चली इस शूटिंग के समापन पर सेट पर जश्न का माहौल देखने को मिला।शूटिंग के अंतिम दिन सोनाक्षी सिन्हा ने अपनी पूरी टीम और क्रू मेंबर्स के साथ केक काटकर इस सफर को सेलिब्रेट किया। इस दौरान सेट पर मौजूद सभी लोग भावुक नजर आए, क्योंकि लंबे समय तक साथ काम करने के बाद टीम के बीच एक खास जुड़ाव बन गया था।
सूत्रों के अनुसार, इस वेब सीरीज की शूटिंग जयपुर के साथ-साथ नवलगढ़, सामोद, महारकलां गांव, चौमू, बीकानेर और मंडावा जैसे कई लोकेशनों पर की गई। राजस्थान के इन अलग-अलग इलाकों में फिल्माए गए दृश्यों ने सीरीज को एक वास्तविक और लोकल टच देने में अहम भूमिका निभाई है।शूटिंग शेड्यूल पूरा होने के बाद अब आगे की शूटिंग मुंबई में की जाएगी, जो 4 मई से 25 मई तक चलेगी। इसके बाद पोस्ट-प्रोडक्शन का काम शुरू किया जाएगा।
‘दहाड़ 2’ में सोनाक्षी सिन्हा एक बार फिर एक मजबूत और दमदार पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगी। जयपुर शेड्यूल के दौरान उन्होंने ज्यादातर सीन पुलिस वर्दी में शूट किए, जिससे उनके किरदार की गंभीरता और गहराई को और मजबूती मिली है।सेट से जुड़े लोगों के मुताबिक, सोनाक्षी ने अपने किरदार को लेकर काफी मेहनत की है और शूटिंग के दौरान पूरी टीम के साथ उनका व्यवहार बेहद सहयोगात्मक रहा। यही वजह है कि आखिरी दिन का माहौल भावनात्मक हो गया और टीम ने इस यात्रा को यादगार बना दिया। राजस्थान के खूबसूरत लोकेशनों पर हुई इस शूटिंग ने एक बार फिर साबित किया है कि राज्य फिल्म और वेब सीरीज की शूटिंग के लिए एक पसंदीदा डेस्टिनेशन बनता जा रहा है।