श्वेता तिवारी को सोशल मीडिया पर मिलीं भद्दी गालियां, राज ठाकरे से पूछा सवाल; वीडियो में बोलीं- क्या ऐसे हैं आपके सपोर्टर्स?
टीवी और फिल्म एक्ट्रेस श्वेता तिवारी सोशल मीडिया पर मिल रही कथित अभद्र टिप्पणियों को लेकर भड़क गई हैं। अभिनेत्री ने गाली देने वाले कुछ यूजर्स की प्रोफाइल के स्क्रीनशॉट और उनके परिवार की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे से सवाल किया कि क्या ऐसे लोग उनके समर्थक हैं, जो खुद को मराठी बताते हैं और महिलाओं के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
श्वेता तिवारी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ प्रोफाइल शेयर कीं। इनमें से एक प्रोफाइल ऐसी थी, जिस पर राज ठाकरे और उनकी पार्टी के समर्थन से जुड़ी पोस्ट दिखाई दे रही थीं। इसके बाद अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ होने वाली अभद्रता को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
श्वेता ने लिखा कि वह ऐसी बात करना चाहती हैं, जो बेहद गंभीर चिंता का विषय है और दुर्भाग्य से सोशल मीडिया पर आम होती जा रही है। उन्होंने महिलाओं को ऑनलाइन गालियां दिए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी भी महिला को, चाहे वह किसी भी उम्र या पेशे से जुड़ी हो, इस तरह की भाषा का सामना नहीं करना चाहिए।अभिनेत्री ने कहा कि कोई भी पुरुष, किसी भी पृष्ठभूमि से आकर सोशल मीडिया पर किसी महिला के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर देता है। उन्होंने इस तरह की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ गाली-गलौज को सामान्य नहीं माना जाना चाहिए।
श्वेता ने जिस प्रोफाइल को शेयर किया, उसके बारे में दावा किया कि वह व्यक्ति राज ठाकरे और उनकी पार्टी का समर्थक है। अभिनेत्री ने कहा कि यह मामला उनके लिए थोड़ा व्यक्तिगत भी है, क्योंकि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी महाराष्ट्र में बिताई है।उन्होंने अपने महाराष्ट्र से जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि उनके पिता मुंबई में पले-बढ़े हैं। उनका जन्म भी मुंबई में हुआ और वह इसी शहर में बड़ी हुई हैं। श्वेता ने कहा कि उन्होंने पूरी जिंदगी मराठी मानुष से जुड़े गर्व और सम्मान को महसूस किया है।
अभिनेत्री ने आगे कहा कि उन्होंने मराठी महिलाओं को गर्व के साथ खुद को मराठी मुलगी कहते हुए सुना है। ऐसे में सोशल मीडिया पर महिलाओं को गालियां देने वाले लोगों के व्यवहार ने उन्हें परेशान किया है।श्वेता ने अपने पोस्ट के जरिए राज ठाकरे से सीधे सवाल किया कि क्या ऐसे लोग उनके समर्थक हैं। उन्होंने यह मुद्दा केवल अपने साथ हुई कथित अभद्रता तक सीमित नहीं रखा, बल्कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ होने वाली गाली-गलौज और आपत्तिजनक भाषा को लेकर व्यापक सवाल उठाए।
अभिनेत्री की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, जिन अकाउंट्स और लोगों को लेकर श्वेता ने आरोप लगाए हैं, उनकी ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने आई है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है।श्वेता तिवारी टीवी इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल हैं और सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं। इस बार उन्होंने ट्रोलिंग को नजरअंदाज करने के बजाय कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई है।