☰
×

सलमान खान ने पिता सलीम खान के साथ शेयर की खास तस्वीरें, बोले- 91 की उम्र में भी एक बाप तो बाप होता है

 

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने बुधवार देर रात अपने पिता और मशहूर स्क्रीनराइटर सलीम खान के साथ कुछ खास तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं। इन तस्वीरों में पिता-बेटे की जोड़ी मैचिंग काउबॉय हैट पहने नजर आई। सलमान ने तस्वीरों के साथ भावुक संदेश भी लिखा, जिसमें उन्होंने अपने पिता के प्रति प्यार और सम्मान जाहिर किया। सोशल मीडिया पर उनकी यह पोस्ट चर्चा में है।

सलमान खान ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरों की एक सीरीज साझा की। शुरुआती तीन तस्वीरों में सलमान कुर्सी पर बैठे अपने पिता सलीम खान को पीछे से गले लगाते दिखाई दिए। दोनों ने एक जैसी काउबॉय हैट पहनी हुई थी। तस्वीरों में सलमान काफी खुश नजर आए। वहीं, आखिरी तस्वीर में अभिनेता अपने पिता के पास बैठे उनका हाथ थामे दिखाई दिए।

सलमान ने पिता को बताया असली मॉन्स्टर

तस्वीरें शेयर करते हुए सलमान खान ने लिखा, “हाउडी पार्टनर, 91 की उम्र में एक बाप तो बाप होता है। वह असली मॉन्स्टर हैं। हम सब के बाप में है दम। वंदे मातरम्।”

सलमान ने अपने संदेश में समय के महत्व को लेकर भी बात कही। उन्होंने लिखा, “एक और दिन नहीं होता, एक और दिन कम होता है। आप लोग समझ रहे हैं? भगवान दयालु रहे हैं।”

सलमान का यह संदेश पिता के प्रति उनके लगाव और जीवन को लेकर उनकी सोच को दर्शाता है। हालांकि, पोस्ट में लिखे संदेश का संदर्भ अभिनेता ने विस्तार से स्पष्ट नहीं किया।

आज भी पिता से लेते हैं करियर की सलाह

सलमान खान अपने पिता सलीम खान को हमेशा से अपना मार्गदर्शक मानते रहे हैं। वैरायटी इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में अभिनेता ने बताया था कि वह आज भी अपने करियर से जुड़े फैसलों को लेकर पिता से सलाह लेते हैं।

सलमान ने कहा था कि जब भी वह किसी बात को लेकर उलझन में होते हैं, तो अपने पिता के पास जाते हैं। उन्होंने बताया कि सलीम खान की सलाह उनके लिए काफी मायने रखती है और वह उनकी बातों पर भरोसा करते हैं।

पिता-बेटे का खास रिश्ता फिर चर्चा में

सलमान खान और सलीम खान की ये तस्वीरें पिता-बेटे के खास रिश्ते की झलक दिखाती हैं। सलमान अक्सर अपने परिवार के प्रति प्यार जाहिर करते नजर आते हैं। इस बार मैचिंग काउबॉय हैट और भावुक कैप्शन के जरिए उन्होंने अपने पिता के लिए सम्मान जताया।

सलीम खान हिंदी सिनेमा के चर्चित पटकथा लेखकों में शामिल हैं। उन्होंने जावेद अख्तर के साथ मिलकर कई यादगार फिल्मों की पटकथा लिखी। वहीं, सलमान खान लंबे समय से बॉलीवुड के प्रमुख अभिनेताओं में शामिल हैं।