रोहित शेट्टी को कथित तौर पर 20 करोड़ की रंगदारी की धमकी, वीडियो में जाने ऑडियो क्लिप मिलने के बाद जांच तेज
फिल्ममेकर रोहित शेट्टी को कथित तौर पर 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की धमकी मिली है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह धमकी एक ऑडियो क्लिप के जरिए दी गई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार सुबह रोहित शेट्टी के स्टाफ को करीब 90 सेकंड का एक ऑडियो क्लिप मिला। इसमें कथित तौर पर कहा गया है कि यदि 20 करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो अगला निशाना सीधे रोहित शेट्टी होंगे।
ऑडियो में शुभम लोणकर की आवाज होने का दावा
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में ऑडियो क्लिप में सुनाई दे रही आवाज को कथित तौर पर शुभम लोणकर की बताया जा रहा है, जिसे लॉरेंस गैंग का करीबी सहयोगी माना जाता है। हालांकि, आवाज की आधिकारिक फॉरेंसिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। शुभम लोणकर 2024 में नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या और फरवरी 2026 में रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर हुई फायरिंग के मामले में वांछित बताया जाता है।
पहले भी हो चुकी है फायरिंग
गौरतलब है कि करीब चार महीने पहले रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी। उसके बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई थी।
पुलिस कर रही है जांच
पुलिस ने ऑडियो क्लिप को जांच के लिए भेज दिया है और उसकी प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। साथ ही धमकी देने वाले की पहचान और उसके नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच एजेंसियां विभिन्न पहलुओं पर काम कर रही हैं। फिलहाल, रोहित शेट्टी या उनकी टीम की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।