'रामायण' की ट्रोलिंग पर पहली बार बोले रणबीर कपूर, वीडियो में जाने भगवान राम के किरदार पर उठे सवालों का दिया जवाब
फिल्म 'रामायण' की रिलीज से तीन दिन पहले अभिनेता रणबीर कपूर ने सोशल मीडिया पर हो रही फिल्म की ट्रोलिंग को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर के चयन को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अभिनेता ने कहा कि अगर इंसान की नीयत सही है और वह ईमानदारी से मेहनत कर रहा है, तो उसे दूसरों की नकारात्मक बातों पर ध्यान देने के बजाय अपने काम पर फोकस करना चाहिए।
रणबीर ने देशभर के 18 हजार से ज्यादा छात्रों के साथ ऑनलाइन संवाद के दौरान यह बात कही। इस बातचीत में उन्होंने ट्रोलिंग का सामना करने और आलोचनाओं के बीच खुद को सकारात्मक बनाए रखने का अपना नजरिया साझा किया।
किशोर कुमार के गाने का दिया हवाला
रणबीर कपूर ने अपनी बात समझाने के लिए दिग्गज गायक किशोर कुमार के मशहूर गाने 'कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना' का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया में लोग हमेशा कुछ न कुछ कहते रहेंगे, लेकिन हर बात को गंभीरता से लेना जरूरी नहीं है।अभिनेता के मुताबिक, जब आप किसी काम को सही नीयत और पूरी ईमानदारी से करते हैं, तो दूसरों की नकारात्मक टिप्पणियों को खुद पर हावी नहीं होने देना चाहिए। लोगों की बातों के कारण अपने लक्ष्य से भटकने के बजाय मेहनत जारी रखनी चाहिए।
भगवान राम के किरदार को लेकर हुई थी आलोचना
फिल्म 'रामायण' में भगवान राम की भूमिका के लिए रणबीर कपूर का चयन होने के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। कुछ लोगों ने उनके चयन पर सवाल उठाए और फिल्म को लेकर आलोचनात्मक टिप्पणियां कीं। रिलीज से पहले फिल्म की ट्रोलिंग भी चर्चा का विषय बनी हुई है।इसी बीच रणबीर ने छात्रों से बातचीत में स्पष्ट किया कि किसी भी कलाकार के लिए आलोचनाओं के बीच अप काम पर ध्यान बनाए रखना जरूरी है। उनका मानना है कि अंत में किसी व्यक्ति की ईमानदारी, मेहनत और उसका काम ही उसकी सबसे बड़ी पहचान बनता है।रणबीर के इस बयान को फिल्म को लेकर हो रही ऑनलाइन आलोचनाओं के संदर्भ में देखा जा रहा है। अभिनेता ने अपने जवाब में किसी आलोचक का नाम नहीं लिया, बल्कि यह संदेश दिया कि नकारात्मक टिप्पणियों से प्रभावित हुए बिना अपने काम को पूरी मेहनत और ईमानदारी से करना चाहिए।