रणबीर कपूर ने KBC में सुनाया आलिया को प्रपोज करने का किस्सा, वीडियो में बोले- सामने थी मेरी शेरनी और मैं चूहा बनकर घुटनों पर बैठा था
बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर ने टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) में पत्नी आलिया भट्ट को शादी के लिए प्रपोज करने का दिलचस्प किस्सा सुनाया। रणबीर ने बताया कि उन्होंने साल 2022 में केन्या के मासाई मारा में आलिया को शादी के लिए प्रपोज किया था। इस खास पल को यादगार बनाने के लिए उन्होंने पहले से ही पूरी तैयारी कर रखी थी। वह अपने साथ घर से अंगूठी लेकर गए थे और चाहते थे कि प्रपोजल के दौरान तस्वीरें भी खींची जाएं।शो के दौरान रणबीर ने बताया कि उन्होंने अपने गाइड और ड्राइवर को पहले ही पैसे दे दिए थे। उन्होंने दोनों से कहा था कि जंगल के बीच किसी अच्छी जगह पर गाड़ी रोक दें, ताकि वह आलिया को प्रपोज कर सकें और इस खास पल की तस्वीरें ली जा सकें।
प्रपोजल की तस्वीरें खिंचवाने के लिए पहले से की थी तैयारी
रणबीर ने बताया कि वह चाहते थे कि जब वह आलिया के सामने घुटनों पर बैठकर शादी के लिए पूछें, तब गाइड और ड्राइवर दूर से उनकी तस्वीरें खींच लें। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि लड़कियों को तस्वीरें पसंद होती हैं, ताकि वे उन्हें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर सकें। इसी वजह से उन्होंने सोचा कि आलिया के लिए इस पल की तस्वीरें होना जरूरी है।रणबीर की बात सुनकर शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने मजाक में कहा कि इस घटना का कोई सबूत भी होना चाहिए। इस पर रणबीर ने कहा कि सबूत होना चाहिए और वह सच में अपने साथ अंगूठी लेकर गए थे। उन्होंने अंगूठी घर से ही रख ली थी और प्रपोजल के लिए पूरी योजना बनाई थी।
100 फीट दूर थे तीन बब्बर शेर
रणबीर ने बताया कि प्रपोजल के समय माहौल काफी रोमांचक था। जिस जगह उन्होंने आलिया को शादी के लिए पूछा, वहां से करीब 100 फीट की दूरी पर तीन बब्बर शेर मौजूद थे। ऐसे में एक तरफ जंगल का रोमांच था और दूसरी तरफ जिंदगी का बेहद खास पल।उन्होंने इस घटना को याद करते हुए कहा, "मेरी शेरनी मेरे सामने खड़ी थी। मैं चूहा बनकर घुटनों पर बैठा था और कह रहा था- बेबी, क्या तुम मुझसे शादी करोगी?"रणबीर का यह अंदाज सुनकर शो में मौजूद लोग हंस पड़े। अभिनेता ने अपने प्रपोजल के किस्से को मजाकिया अंदाज में साझा करते हुए बताया कि जंगल के बीच आलिया को प्रपोज करना उनके जीवन के यादगार पलों में से एक रहा।
2022 में हुई थी रणबीर-आलिया की शादी
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने 14 अप्रैल 2022 को मुंबई में अपने घर पर परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की थी। दोनों की मुलाकात फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' के दौरान नजदीकियों में बदली थी। शादी के बाद नवंबर 2022 में दोनों बेटी राहा के माता-पिता बने। आज दोनों बॉलीवुड के चर्चित कपल्स में शामिल हैं।