‘रामायण’ ने 20वें दिन कमाए 17.50 करोड़, वीडियो में जाने ‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड तोड़ने से चंद कदम दूर
फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 20वें दिन फिल्म की कमाई में पिछले दिन के मुकाबले करीब 37.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। फिल्म ने मंगलवार को भारत में 17.50 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया, जबकि सोमवार को इसकी कमाई 12.70 करोड़ रुपए रही थी।20वें दिन फिल्म ने देशभर में 15,817 शोज के जरिए यह कमाई की। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 972.95 करोड़ रुपए हो गया है। वहीं, इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 1,162.15 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है। फिल्म की कमाई में आई इस तेजी ने बॉक्स ऑफिस पर इसके प्रदर्शन को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
दुनियाभर में 1,735 करोड़ के पार पहुंची कमाई
‘रामायण’ का प्रदर्शन केवल भारतीय बॉक्स ऑफिस तक सीमित नहीं है। विदेशों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। 20वें दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में करीब 5 करोड़ रुपए की कमाई की। इसके साथ ही फिल्म का कुल ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 573 करोड़ रुपए हो गया है।भारत और विदेशों की कमाई मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 1,735.15 करोड़ रुपए पहुंच गया है। इस आंकड़े के साथ ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में एक बड़ी जगह बनाने के करीब है।
‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी
अब फिल्म की नजर अल्लू अर्जुन की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पुष्पा 2’ के लाइफटाइम कलेक्शन पर है। ‘पुष्पा 2’ ने दुनियाभर में करीब 1,742.10 करोड़ रुपए का कारोबार किया था। वहीं, ‘रामायण’ की कमाई 1,735.15 करोड़ रुपए हो चुकी है।दोनों फिल्मों के बीच अब करीब 6.95 करोड़ रुपए का अंतर रह गया है। ऐसे में 21वें दिन की कमाई के साथ ‘रामायण’ इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकती है। अगर फिल्म ऐसा करने में सफल रहती है, तो वह दुनियाभर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली चौथी भारतीय फिल्म बन जाएगी।
21वें दिन के कलेक्शन पर टिकी नजरें
फिल्म के 20वें दिन की कमाई में आई बढ़ोतरी ने इसके कारोबार को नई रफ्तार दी है। अब ट्रेड एनालिस्ट और दर्शकों की नजर 21वें दिन के कलेक्शन पर रहेगी। ‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए फिल्म को 6.95 करोड़ रुपए से ज्यादा का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करना होगा।हालांकि, अंतिम आंकड़े सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि फिल्म 21वें दिन यह उपलब्धि हासिल कर पाती है या नहीं। फिलहाल ‘रामायण’ की कमाई का आंकड़ा इसे एक और बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड के बेहद करीब ले आया है।