बाली में नुसरत भरूचा का एक्सीडेंट, फुटेज में देंखे चोट लगने के बाद अस्पताल में भर्ती; इलाज के चलते बढ़ाना पड़ा स्टे
बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा को लेकर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, नुसरत का इंडोनेशिया के बाली में एक्सीडेंट हो गया। हादसे में उन्हें चोट लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, उनकी चोट कितनी गंभीर है, इस बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।एनडीटीवी की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि नुसरत बाली में एक काम के सिलसिले में गई थीं। इसी दौरान उनका एक्सीडेंट हो गया। हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सूत्रों के मुताबिक, इलाज के चलते नुसरत को बाली में अपना स्टे बढ़ाना पड़ा है।
हादसे से पहले शेयर की थीं छुट्टियों की तस्वीरें
नुसरत भरूचा ने हादसे से करीब एक सप्ताह पहले सोशल मीडिया पर अपनी छुट्टियों की कुछ तस्वीरें शेयर की थीं। तस्वीरों में वह बाली में समय बिताती नजर आई थीं। ऐसे में एक्सीडेंट की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं।फिलहाल नुसरत की ओर से हादसे और उनकी तबीयत को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इसलिए उनकी चोट की गंभीरता को लेकर किसी तरह का अनुमान लगाना ठीक नहीं होगा।
टाइगर श्रॉफ की फिल्म में नजर आ सकती हैं नुसरत
वर्कफ्रंट की बात करें तो नुसरत भरूचा के नाम से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह अभिनेता टाइगर श्रॉफ की अगली फिल्म की कास्ट में शामिल हो सकती हैं। अगर ऐसा होता है तो यह टाइगर और नुसरत की पहली ऑन-स्क्रीन जोड़ी होगी।पिंकविला की रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से बताया गया कि फिल्म की टीम ऐसी एक्ट्रेस की तलाश में थी, जो कहानी में मजबूती और भावनात्मक गहराई ला सके। सूत्र के मुताबिक, नुसरत इस भूमिका के लिए टीम की मजबूत पसंद में शामिल थीं।
फिल्म में ये कलाकार भी आएंगे नजर
टाइगर श्रॉफ और नुसरत भरूचा के अलावा इस फिल्म में पश्मीना रोशन, अभिषेक बनर्जी और एल्विश यादव के भी अहम भूमिकाओं में होने की खबर है। फिल्म से जुड़ी कई अन्य जानकारियां अभी सामने आना बाकी हैं। फिलहाल नुसरत बाली में इलाज करा रही हैं और इसी वजह से उनका वहां रुकना बढ़ाया गया है। उनके फैंस अब उनकी सेहत को लेकर आधिकारिक अपडेट का इंतजार कर रहे हैं।