गाने ‘सरके चुनर’ विवाद में नोरा फतेही ने महिला आयोग के सामने दी सफाई, वीडियो में देंखे लिखित माफीनामा सौंपा
फिल्म KD द डेविल के गाने ‘सरके चुनर’ में कथित अश्लीलता फैलाने के आरोपों को लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही गुरुवार को राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष पेश हुईं। इस मामले ने सोशल मीडिया से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक व्यापक चर्चा छेड़ दी थी। जानकारी के अनुसार, आयोग ने गाने के कंटेंट को लेकर शिकायतों के बाद नोरा फतेही को स्पष्टीकरण देने के लिए तलब किया था। सुनवाई के दौरान अभिनेत्री ने अपना पक्ष रखते हुए लिखित माफीनामा भी सौंपा और कहा कि उनका किसी की भावनाओं को आहत करने का कोई इरादा नहीं था।
नोरा फतेही ने आयोग के सामने स्पष्ट किया कि वे भविष्य में ऐसे किसी भी आइटम सॉन्ग का हिस्सा नहीं बनेंगी, जिससे महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचे या समाज में गलत संदेश जाए। उन्होंने कहा कि वह अपने काम के जरिए समाज में सकारात्मक प्रभाव डालना चाहती हैं और इस बात का ध्यान रखेंगी कि उनकी प्रस्तुतियों से किसी भी वर्ग की भावनाएं आहत न हों।इस दौरान आयोग के सामने उन्होंने यह भी कहा कि वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझती हैं। इसी क्रम में नोरा फतेही ने एक मानवीय पहल के तहत अनाथ बच्चियों की शिक्षा का खर्च उठाने की जिम्मेदारी लेने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि वे चाहती हैं कि जरूरतमंद बच्चियों को शिक्षा के अवसर मिलें और उनका भविष्य बेहतर बने।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले की सुनवाई के बाद आगे की प्रक्रिया पर विचार करने की बात कही है। आयोग का कहना है कि मनोरंजन और रचनात्मकता की स्वतंत्रता के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।यह मामला सामने आने के बाद फिल्म और संगीत उद्योग में भी बहस तेज हो गई है कि गानों की प्रस्तुति और कंटेंट को लेकर कितनी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़ रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि सार्वजनिक प्रभाव को देखते हुए संवेदनशीलता जरूरी है।फिलहाल आयोग इस मामले से जुड़ी सभी शिकायतों और जवाबों की समीक्षा कर रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।