मुकेश खन्ना ने रणबीर कपूर की ‘रामायण’ पर उठाए सवाल, वीडियो में बोले- श्रीराम को एक्शन हीरो जैसा दिखाया गया
बॉलीवुड अभिनेता मुकेश खन्ना ने रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ में भगवान राम के चित्रण को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने फिल्म में इस्तेमाल किए जा रहे ज्यादा VFX और एक्शन को लेकर आपत्ति जताई। मुकेश खन्ना का कहना है कि भगवान राम का व्यक्तित्व केवल एक योद्धा या एक्शन हीरो तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में प्रस्तुत किया जाना चाहिए।‘बॉलीवुड नाउ’ को दिए एक इंटरव्यू में मुकेश खन्ना ने फिल्म में रणबीर कपूर के किरदार को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि भगवान राम हमेशा शांत, संयमित और मर्यादित व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं। उनके मुताबिक फिल्म में राम के किरदार को जरूरत से ज्यादा एक्शन और VFX के जरिए पेश किया जा रहा है।
पेड़ पर चढ़कर तीर चलाने वाले सीन पर सवाल
मुकेश खन्ना ने फिल्म के उस सीन पर खास तौर पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम के किदार में पेड़ पर चढ़कर तीर चलाते नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने रामायण के जिन संस्करणों को पढ़ा या देखा है, उनमें भगवान राम को इस तरह से लड़ते हुए नहीं दिखाया गया।उन्होंने कहा, "राम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। मुस्कुराते थे। श्रीराम को सलमान खान, अमिताभ बच्चन बना दिया, रजनीकांत बना दिया।"मुकेश खन्ना ने आगे कहा कि भगवान राम को एक ‘मैन ऑफ एक्शन’ के तौर पर दिखाने से उनके मूल व्यक्तित्व का स्वरूप बदल सकता है। उन्होंने रणबीर कपूर के पेड़ पर चढ़कर तीर चलाने वाले सीन का जिक्र करते हुए कहा, "रामजी ऐसे फाइट नहीं करते थे।"
क्लिंट ईस्टवुड से की तुलना
अभिनेता ने फिल्म में भगवान राम के चित्रण की तुलना हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता क्लिंट ईस्टवुड से भी की। उनका कहना था कि राम के किरदार को जिस तरह एक्शन-केंद्रित बनाया जा रहा है, उससे वह पारंपरिक राम के स्वरूप से अलग नजर आता है।मुकेश खन्ना लंबे समय से पौराणिक और धार्मिक किरदारों को पर्दे पर दिखाने के तरीके पर अपनी राय रखते रहे हैं। ‘रामायण’ को लेकर उनकी टिप्पणी भी इसी संदर्भ में सामने आई है।
रणबीर कपूर निभा रहे हैं भगवान राम का किरदार
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म को बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है और इसमें VFX का व्यापक इस्तेमाल किया गया है।फिल्म से जुड़े विजुअल्स और कलाकारों के लुक को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी चर्चा है। ऐसे में मुकेश खन्ना की टिप्पणी के बाद फिल्म में भगवान राम के चित्रण और एक्शन सीन्स को लेकर बहस और तेज हो गई है। हालांकि, फिल्म की पूरी कहानी और प्रस्तुति रिलीज के बाद ही सामने आएगी।