दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट पर मनसे का विरोध: शो रद्द करने की मांग, वीडियो में जाने ड्रग्स के इस्तेमाल का आरोप; रास्ता रोकने की चेतावनी
बॉलीवुड और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ के आज (27 नवंबर) मुंबई में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले इस कार्यक्रम को रद्द करने की मांग की है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि महालक्ष्मी रेसकोर्स और एनएससीआई डोम में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के दौरान ड्रग्स का सेवन और बिक्री होती है। मनसे ने चेतावनी दी है कि अगर उसकी मांग नहीं मानी गई तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रास्ता रोको आंदोलन किया जाएगा।
मनसे ने पुलिस को लिखा पत्र
मनसे के विभागाध्यक्ष दिनेश ज्ञानेश्वर पुंडे ने इस संबंध में ताड़देव पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर को पत्र लिखा है। इसमें महालक्ष्मी रेसकोर्स और एनएससीआई डोम में आयोजित होने वाले कॉन्सर्ट और अन्य बड़े कार्यक्रमों को लेकर चिंता जताई गई है।मनसे ने अपने पत्र में दावा किया कि 22 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 12 से 13 लोगों की ड्रग्स सेवन से जुड़ी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। पार्टी ने यह भी दावा किया कि पिछले साल इसी इलाके में ड्रग्स के सेवन के कारण एक युवक की मौत हो गई थी।
कॉन्सर्ट के बाद सड़कों पर दिखते हैं नशे में युवा
मनसे का आरोप है कि ऐसे बड़े कार्यक्रमों के बाद कई युवा नशे की हालत में सड़कों पर दिखाई देते हैं। इससे आसपास रहने वाले लोगों और परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पार्टी ने कहा कि देर रात तक चलने वाले कार्यक्रमों के कारण इलाके में ट्रैफिक जाम की समस्या भी बढ़ जाती है।मनसे ने पुलिस प्रशासन से इन कार्यक्रमों पर सख्त कार्रवाई करने और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को रद्द करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि स्थानीय निवासियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसे आयोजनों पर फैसला लिया जाना चाहिए। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
कॉन्सर्ट में इन सामानों को ले जाने पर रोक
विवाद के बीच कॉन्सर्ट के आयोजकों और टिकटिंग प्लेटफॉर्म बुकमायशो ने दर्शकों के लिए सख्त गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत कार्यक्रम में कई तरह के सामान ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।दर्शक अपने साथ झंडे, बैनर, पोस्टर और हाथ से बनाए गए साइन नहीं ले जा सकेंगे। इसके अलावा पेन, मार्कर, लाइटर, लेजर पॉइंटर, डियोड्रेंट, स्प्रे सनस्क्रीन और मेकअप का सामान भी प्रतिबंधित किया गया है।
सुरक्षा कारणों से चाकू, ब्लेड, छाता, पानी की बोतल, बड़े बैग, लैपटॉप और टैबलेट ले जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, प्रोफेशनल कैमरे, ट्राइपॉड, सेल्फी स्टिक और ड्रोन भी प्रतिबंधित सामानों की सूची में शामिल हैं।फिलहाल दिलजीत के कॉन्सर्ट को लेकर मनसे के विरोध और पुलिस प्रशासन के रुख पर सबकी नजरें टिकी हैं। वहीं, कार्यक्रम में शामिल होने वाले दर्शकों को प्रवेश से पहले जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।