जयपुर में डांस पर ट्रोल हुईं ममता कुलकर्णी, वीडियो में जाने दिया करारा जवाब- अच्छा है उस वक्त इंस्टाग्राम नहीं था
बॉलीवुड एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी इन दिनों जयपुर में अपने डांस को लेकर चर्चा में हैं। राजस्थान फिल्म फेस्टिवल के दौरान ममता कुलकर्णी के डांस के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए थे। वीडियो वायरल होने के बाद कुछ यूजर्स ने उनके डांस को लेकर कमेंट किए और उन्हें ट्रोल किया। अब अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के जरिए ट्रोल करने वालों को जवाब दिया है।ममता कुलकर्णी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए धार्मिक संदर्भ का इस्तेमाल किया। उन्होंने लिखा कि अच्छा है उस समय इंस्टाग्राम नहीं था, जब भगवान श्रीकृष्ण गोपियों के साथ रास करते थे। उन्होंने आगे लिखा कि अगर उस दौर में इंस्टाग्राम होता तो लोग श्रीकृष्ण के रास का वीडियो बनाकर सवाल करते कि यह कैसा भगवान है जो नाचता है। ममता ने अपनी पोस्ट में महादेव के रास में शामिल होने का भी जिक्र किया।
राजस्थान फिल्म फेस्टिवल में किया डांस
राजस्थान फिल्म फेस्टिवल का 14वां संस्करण 26 सितंबर को जयपुर के दीप स्मृति ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया था। इस समारोह में ममता कुलकर्णी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। अवॉर्ड समारोह के दौरान ममता की फिल्मों के लोकप्रिय गाने बजाए गए।गाने बजने के दौरान ममता कुलकर्णी ने भी कुछ स्टेप किए और डांस किया। इसी दौरान उनके डांस के वीडियो बनाए गए, जिन्हें बाद में सोशल मीडिया पर शेयर किया गया। वीडियो सामने आने के बाद कुछ यूजर्स ने अभिनेत्री के डांस पर टिप्पणी करते हुए उन्हें ट्रोल किया।ममता ने इन टिप्पणियों पर सीधे प्रतिक्रिया देने के बजाय अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए जवाब दिया। उन्होंने अपने पोस्ट में धार्मिक उदाहरण देते हुए यह बताने की कोशिश की कि डांस को लेकर लोगों की अलग-अलग धारणाएं हो सकती हैं।
स्टूडेंट्स के साथ भी किया था डांस
ममता कुलकर्णी ने राजस्थान फिल्म फेस्टिवल के दौरान सिर्फ अवॉर्ड समारोह में ही डांस नहीं किया था। इससे एक दिन पहले भी उन्होंने फिल्म फेस्टिवल में मौजूद स्टूडेंट्स के साथ डांस परफॉर्म किया था। इस दौरान उन्होंने युवाओं के साथ डांस किया और कार्यक्रम में हिस्सा लिया।ममता लंबे समय से फिल्मों से जुड़ी रही हैं और ‘करण अर्जुन’, ‘बाजी’ त ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। राजस्थान फिल्म फेस्टिवल में उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिए जाने के बाद उनका जयपुर दौरा सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहा।
सोशल मीडिया पर पोस्ट से दिया जवाब
डांस वीडियो को लेकर ट्रोलिंग के बाद ममता कुलकर्णी की इंस्टाग्राम पोस्ट सामने आई। उन्होंने अपने जवाब में श्रीकृष्ण के रास और महादेव का उदाहरण दिया। उनकी पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उनके समर्थन और विरोध में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलीं। फिलहाल ममता कुलकर्णी का जयपुर में डांस और उसके बाद उनका सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है। राजस्थान फिल्म फेस्टिवल में उनकी मौजूदगी और लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड ने भी कार्यक्रम को खास बनाया।