टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, फुटेज में देंखे कोर्ट ने आरोपी शूटर को माना नाबालिग; JJB के सामने होगा पेश
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस केस में गिरफ्तार एक आरोपी शूटर को मुंबई की स्पेशल मकोका कोर्ट ने नाबालिग माना है। बुधवार को मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) के सामने पेश करने का आदेश दिया। जांच में आरोपी की जन्मतिथि 30 नवंबर 2008 सामने आई है। वह 30 नवंबर को 18 साल का हो जाएगा।
यह मामला 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग से जुड़ा है। आरोपी इस मामले में गिरफ्तार होने वाला पहला व्यक्ति था। उसकी उम्र को लेकर पिता ने अदालत में याचिका दायर की थी। उन्होंने दावा किया था कि घटना के समय उनका बेटा 18 साल से कम उम्र का था। इसलिए उसके खिलाफ किशोर न्याय कानून के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
पिता की याचिका के बाद शुरू हुई उम्र की जांच
आरोपी के पिता ने कोर्ट में याचिका दाखिल कर बेटे को नाबालिग घोषित करने की मांग की थी। याचिका में कहा गया था कि फायरिंग की घटना के समय आरोपी की उम्र 18 साल से कम थी। इस दावे के बाद अदालत ने उसकी वास्तविक उम्र की जांच कराने के निर्देश दिए थे।स्पेशल जज सत्यनारायण आर. नवंदर ने जुवेनाइल जस्टिस (बच्चों की देखभाल एवं संरक्षण) एक्ट की धारा 9 के तहत आरोपी की उम्र से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराई। बुधवार को जांच अधिकारी ने अदालत में अपनी रिपोर्ट पेश की।
स्कूल के दस्तावेजों से हुई उम्र की पुष्टि
पुलिस ने आरोपी की उम्र की पुष्टि के लिए कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की। इनमें स्कूल छोड़ने का प्रमाण-पत्र, सेकेंडरी परीक्षा का प्रमाण-पत्र और स्कूल के एडमिशन एवं विदड्रॉल रजिस्टर शामिल थे। इसके अलावा जन्म पंजीकरण रिकॉर्ड और जन्म प्रमाण-पत्र से जुड़ी जानकारी भी खंगाली गई।जांच अधिकारी की रिपोर्ट में आरोपी की जन्मतिथि 30 नवंबर 2008 बताई गई। दस्तावेजों की जांच के बाद कोर्ट ने उसे नाबालिग माना और जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश करने का निर्देश दिया।
30 नवंबर को पूरे होंगे 18 साल
आरोपी 30 नवंबर को 18 साल का होने वाला है। ऐसे में फायरिंग की घटना के समय उसकी उम्र 18 साल से कम थी। कोर्ट के आदेश के बाद अब उसके मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया किशोर न्याय व्यवस्था के तहत होगी।इस घटनाक्रम से टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में कानूनी प्रक्रिया का एक नया पहलू सामने आया है। अब जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड आरोपी के मामले में आगे की कार्रवाई करेगा।