सोनिया गांधी की किताब पर कंगना रनोट का हमला, वीडियो में जाने राजीव गांधी की हत्या वाले दिन साथ न जाने पर उठाए सवाल; राहुल गांधी पर भी कसा तंज
बीजेपी सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की नई किताब को लेकर उन पर निशाना साधा है। कंगना ने सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, मेनका गांधी और गांधी परिवार से जुड़े पुराने घटनाक्रमों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोनिया गांधी की संपत्ति को लेकर भी सवाल किया कि बिना कमाई के वह दुनिया की सबसे अमीर महिलाओं में कैसे शामिल हो गईं। कंगना ने ये टिप्पणियां सोशल मीडिया पर कई पोस्ट के जरिए की हैं।
राजीव गांधी की हत्या वाले दिन साथ नहीं गई थीं सोनिया
कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक सोशल मीडिया पोस्ट रीशेयर की थी। इसमें दावा किया गया था कि 21 मई 1991 को जिस दिन राजीव गांधी की हत्या हुई, उस दिन वह सोनिया गांधी को अपने साथ ले जाना चाहते थे, लेकिन सोनिया उनके साथ नहीं गई थीं।इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने सोनिया गांधी की किताब को 'अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मारने' जैसा बताया। उन्होंने लिखा कि किताब में सोनिया ने बताया है कि राजीव गांधी की हत्या वाले दिन वह उनके साथ क्यों नहीं गई थीं। कंगना के मुताबिक, इसकी वजह थकान और सुस्ती जैसी समस्याएं बताई गई थीं।इसके बाद कंगना ने राहुल गांधी पर भी तंज कसते हुए कहा कि अब समझ में आ गया है कि राहुल गांधी को मुश्किल में डालने वाली यह कला अपनी मां से विरासत में मिली है।
सोनिया गांधी की संपत्ति पर भी उठाए सवाल
कंगना ने अपनी पोस्ट में सोनिया गांधी की संपत्ति को लेकर भी सवाल किए। उन्होंने दावा किया कि सोनिया गांधी ने जीवन में कोई कमाई नहीं की, इसके बावजूद वह दुनिया की सबसे अमीर महिलाओं में कैसे शामिल हुईं। कंगना ने कथित स्विस बैंक खातों में बड़ी रकम होने के आरोप भी लगाए।हालांकि, कंगना की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इन्हें उनके सोशल मीडिया पर किए गए दावों के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
मेनका गांधी और गांधी परिवार के पुराने विवादों का भी जिक्र
कंगना ने अपने दूसरे पोस्ट में मेनका गांधी के गांधी परिवार से अलग होने के पुराने घटनाक्रम पर भी सवाल उठाए। उन्होंने संजय गांधी की मौत के बाद मेनका गांधी के परिवार से अलग होने और उस समय परिवार के भीतर हुए विवादों का जिक्र किया।कंगना ने गांधी परिवार के कई सदस्यों की मौतों को भी संयोग बताते हुए सवाल उठाए। उन्होंने सोनिया गांधी के गांधी परिवार में आने के बाद हुए घटनाक्रमों पर अपनी टिप्पणी की। हालांकि, इन घटनाओं को लेकर कंगना ने जो सवाल और संकेत दिए, उनके समर्थन में कोई प्रमाण पेश नहीं किया।
सोनिया गांधी की नई किताब को लेकर चर्चा
सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' के सामने आने के बाद गांधी परिवार के पुराने घटनाक्रम एक बार फिर चर्चा में हैं। कंगना ने इसी किताब में लिखी बातों को आधार बनाकर कई सवाल उठाए हैं। फिलहाल सोनिया गांधी की ओर से कंगना की इन टिप्पणियों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।