आयुष्मान खुराना को ऐसे मिला सूरज बड़जात्या की फिल्मों का ‘प्रेम’: सलमान खान से बताई समानता, वीडियो में बोले- पहले दिन ही किरदार का अंदाज पकड़ लिया
डायरेक्टर सूरज बड़जात्या की आगामी पारिवारिक मनोरंजक फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का ट्रेलर बुधवार को मुंबई में लॉन्च किया गया। इस मौके पर फिल्म की पूरी टीम मौजूद रही। कार्यक्रम में फिल्म के करीब 20 कलाकारों ने हिस्सा लिया। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में अभिनेता आयुष्मान खुराना पहली बार सूरज बड़जात्या के चर्चित किरदार ‘प्रेम’ के रूप में नजर आएंगे।
सूरज बड़जात्या की फिल्मों में ‘प्रेम’ का किरदार लंबे समय से दर्शकों के बीच खास पहचान रखता है। इससे पहले उनकी कई फिल्मों में सलमान खान इस भूमिका को निभा चुके हैं। ऐसे में आयुष्मान खुराना को इस किरदार में देखना दर्शकों के लिए नया अनुभव होगा। ट्रेलर लॉन्च के दौरान इस बदलाव और आयुष्मान को चुनने की वजह पर भी चर्चा हुई।
कहानी सुनते ही आयुष्मान का नाम आया दिमाग में
कार्यक्रम में दैनिक भास्कर के सवाल पर सूरज बड़जात्या ने बताया कि उन्होंने ‘प्रेम’ के किरदार के लिए आयुष्मान खुराना को ही क्यों चुना। उनसे पूछा गया कि सलमान खान ने एक साक्षात्कार में कहा था कि असली प्रेम तो सूरज बड़जात्या हैं और उनकी फिल्मों के किरदारों में उनका अपना अंश भी होता है। ऐसे में आयुष्मान में उन्होंने कौन से गुण देखे और सलमान तथा आयुष्मान में क्या समानताएं हैं?
इस पर सूरज बड़जात्या ने कहा कि जब पहली बार यह कहानी उनके पास आई, तो उनके दिमाग में सबसे पहले आयुष्मान खुराना का नाम आया। फिल्म में उनका किरदार अपने नजरिए और नरम आवाज के जरिए कुछ सवाल उठाता है। सूरज के मुताबिक, आयुष्मान की फिल्मों को देखें या उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानें, उनके हर सवाल के पीछे कोई न कोई वजह होती है।
आयुष्मान की सादगी ने किया प्रभावित
सूरज बड़जात्या ने आयुष्मान की सादगी को भी उनकी खासियत बताया। उन्होंने कहा कि यह गुण उनकी फिल्मों में भी दिखाई देता है। खास तौर पर ‘बाला’ और ‘ड्रीम गर्ल’ जैसी फिल्मों में आयुष्मान के अभिनय और उनके व्यक्तित्व की झलक देखने को मिलती है।निर्देशक के मुताबिक, आयुष्मान के भीतर किरदार को समझने और उसे अपने अंदाज में पेश करने की क्षमता है। यही वजह रही कि कहानी सामने आते ही उन्हें लगा कि इस भूमिका के लिए आयुष्मान सही रहेंगे।
सलमान और आयुष्मान में बताई यह समानता
सलमान खान और आयुष्मान खुराना के बीच समानता बताते हुए सूरज बड़जात्या ने कहा कि वह दोनों कलाकारों को अपने तरीके से काम करने की पूरी आजादी देते हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म के पहले ही दिन आयुष्मान ने ‘प्रेम’ के किरदार का अंदाज इतनी अच्छी तरह पकड़ लिया था कि उन्हें उसमें कोई बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ी।
सूरज ने सलमान खान के साथ काम करने का अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके साथ भी ऐसा ही होता है। वह सलमान से मिलते हैं, उन्हें कहानी सुनाते हैं और इसके बाद सलमान अपने अंदाज में दृश्यों को निभाते हैं।फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना का नया अवतार और सूरज बड़जात्या की पारिवारिक कहानी दर्शकों के लिए खास आकर्षण होंगे। ट्रेलर लॉन्च के बाद अब फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।