अरे कहना क्या चाहते हो? 3 इडियट्स फिल्म के प्रोफेसर रहे अच्युत पोतदार का 91 साल में निधन, इंडस्ट्री में शोक
बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक राजकुमार हिरानी की फिल्म '3 इडियट्स' के अभिनेता अच्युत पोतदार का निधन हो गया है। उनके निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। दुख की बात यह है कि अभिनेता का निधन उनके जन्मदिन से 2 दिन पहले हुआ। कई फिल्मों में अभिनय कर नाम कमाने वाले अच्युत भारतीय सेना में भी रह चुके हैं। उनकी '3 इडियट्स' का एक डायलॉग आज भी सोशल मीडिया पर खूब मशहूर है। फिल्मों में आने से पहले उन्होंने भारतीय सेना में नौकरी करके देश की सेवा की थी। आइए आपको भी उनके बारे में कुछ खास बातें बताते हैं।
एक डायलॉग से हुए मशहूर
'3 इडियट्स' में अच्युत पोतदार का मशहूर डायलॉग 'अरे कहना क्या कहते हो' आज भी सोशल मीडिया पर मशहूर है। यह डायलॉग सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। आज भी लोग अच्युत पोतदार को इसी डायलॉग की वजह से ज़्यादा जानते हैं। '3 इडियट्स' में उनका रोल भले ही छोटा था, लेकिन उनके डायलॉग ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी।
अभिनय से पहले भारतीय सेना में कार्यरत
अभिनय में अपनी पहचान बनाने से पहले, अच्युत ने भारतीय सेना में एक अधिकारी के रूप में देश की सेवा की। अभिनेता ने मध्य प्रदेश में एक प्रोफेसर के रूप में अपना करियर शुरू किया। बाद में वे भारतीय सेना में शामिल हो गए। अच्युत ने 44 साल की उम्र में फिल्मों की दुनिया में कदम रखा। फिर क्या था अपने अभिनय से उन्होंने दर्शकों के दिलों में जगह बनाई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेता 1967 में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए।
इन फिल्मों से बनाई पहचान
बता दें कि अभिनेता 80 के दशक से फिल्म इंडस्ट्री में थे। मराठी सिनेमा से उन्होंने बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई। हालाँकि, अभिनेता ने हिंदी सिनेमा में अपने करियर की शुरुआत टीवी धारावाहिकों से की थी। इसके बाद उन्होंने 'आ अब लौट चलें', 'परिंदा', 'नारा सिंह', 'तेजाब', 'रिहाई', 'आक्रोश', 'दामिनी', 'दिलवाले', '3 इडियट्स', 'दबंग 2', 'लगे रहो मुन्ना भाई' और 'परिणीता' जैसी कई फिल्मों में काम किया।