हेमा मालिनी हुईं भावुक, वीडियो में देंखे धर्मेंद्र को याद कर कहा—“मैं बहुत खुशकिस्मत थी उनके साथ रही”
बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी गुरुवार को एक इवेंट के दौरान अपने दिवंगत पति और अभिनेता धर्मेंद्र को याद करते हुए भावुक हो गईं। इस दौरान उन्होंने मंच से धर्मेंद्र के साथ अपने रिश्ते और उनके व्यक्तित्व को लेकर दिल छू लेने वाली बातें साझा कीं।कार्यक्रम का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें हेमा मालिनी धर्मेंद्र के बारे में बात करते हुए भावुक नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र का जीवन पैशन, डेडिकेशन और अपने दर्शकों के प्रति गहरे प्रेम से भरा हुआ था। उनके अनुसार धर्मेंद्र हमेशा यही कहते थे कि फिल्में दिल से जुड़ने का एक माध्यम हैं।
हेमा मालिनी ने कहा, “वह फिल्मों और कैमरे को लेकर बहुत पैशनेट थे। एक लाइफ पार्टनर के तौर पर मैंने देखा कि वह कितने समर्पित थे। उन्होंने लाखों लोगों के दिलों को छुआ है और हर किसी के साथ उनका व्यवहार बेहद सादगी भरा था।”उन्होंने आगे कहा कि धर्मेंद्र ने एक अभिनेता, एक दोस्त और एक पिता के रूप में कई लोगों को प्रेरित किया, खासकर युवा पीढ़ी को। “वह एक महान इंसान थे और मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे उनके साथ जीवन साझा करने का अवसर मिला,” हेमा मालिनी ने कहा।
भावुक होते हुए उन्होंने यह भी कहा, “मुझे उनकी बहुत याद आती है। मुझे नहीं पता कि मैं उनके बिना जीवन कैसे जीऊंगी, लेकिन यह एक अलग बात है।”उनके इस बयान के दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोग भी भावुक नजर आए। धर्मेंद्र को भारतीय सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और प्रभावशाली कलाकारों में से एक माना जाता है, जिन्होंने दशकों तक अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज किया। हेमा मालिनी का यह बयान सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जहां प्रशंसक इस दिग्गज जोड़ी के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं।