हरलीन सेठी ने खोले दिल के राज, वीडियो में देंखे अनूप सोनी को बताया सबसे भरोसेमंद; आलिया-रणवीर संग काम करने की जताई इच्छा
एक्ट्रेस हरलीन सेठी ने एक फन सेगमेंट के दौरान अपनी पसंद, को-स्टार्स और निजी अनुभवों से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए। मीडिया से बातचीत में हरलीन ने बताया कि वह अपनी जिंदगी में आंख बंद करके सिर्फ अपने माता-पिता पर भरोसा करती हैं। उन्होंने अपने को-स्टार्स को लेकर भी मजेदार जवाब दिए और बताया कि किसके साथ वह सबसे ज्यादा सहज महसूस करती हैं।हरलीन से जब पूछा गया कि इंडस्ट्री में वह किस पर आंख बंद करके भरोसा कर सकती हैं, तो उन्होंने बिना ज्यादा सोचे अपने मां-बाप का नाम लिया। उनके लिए माता-पिता सबसे भरोसेमंद लोग हैं।
अनूप सोनी को बताया सबसे भरोसेमंद
को-स्टार्स से जुड़े सवाल पर हरलीन ने अनूप सोनी को सबसे भरोसेमंद बताया। वहीं सुमित व्यास को उन्होंने सबसे फनी को-स्टार कहा।हरलीन के जवाबों से साफ था कि वह अपने साथ काम कर चुके कलाकारों के साथ अच्छे रिश्ते साझा करती हैं। उन्होंने बातचीत के दौरान अपने सह-कलाकारों के साथ जुड़े अनुभवों को भी हल्के-फुल्के अंदाज में साझा किया।
जेनिफर विंगेट के साथ रोड ट्रिप की इच्छा
हरलीन से जब पूछा गया कि वह इंडस्ट्री में किस एक्ट्रेस के साथ रोड ट्रिप पर जाना चाहेंगी, तो उन्होंने जेनिफर विंगेट का नाम लिया। उन्होंने जेनिफर के साथ रोड ट्रिप पर जाने की अपनी इच्छा जाहिर की।वहीं जब उनसे पूछा गया कि वह किन बॉलीवुड स्टार्स के साथ काम करना चाहती हैं, तो हरलीन ने आलिया भट्ट और रणवीर सिंह का नाम लिया। दोनों कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर करना उनकी इच्छा सूची में शामिल है।
लंदन की फैन ने बनाया यादगार मोमेंट
हरलीन ने अपने सबसे यादगार फैन मोमेंट का किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि लंदन में रहने वाली उनकी एक फैन ने उनके डांस वीडियो देखे थे। उस फैन ने बताया कि हरलीन के वीडियो देखकर उसकी दिवाली खास बन गई।यह बात हरलीन के लिए बेहद खास रही, क्योंकि उनके मुताबिक किसी कलाकार के लिए इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है कि उसका काम किसी दूसरे इंसान के चेहरे पर खुशी ला सके।
बोलीं- लोगों का प्यार मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा
हरलीन ने अपने फैंस के प्यार और सराहना को लेकर कहा कि उन्हें लोगों का प्यार बेहद पसंद है। जितना ज्यादा प्यार और सराहना मिलती है, उतना ही उनका मन आगे बढ़ने, नए प्रयोग करने और बेहतर काम करने का करता है।उन्होंने कहा कि लोगों का प्यार उनके लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है और वह चाहती हैं कि दर्शकों का यह प्यार हमेशा उनके साथ बना रहे। हरलीन के मुताबिक, फैंस का सपोर्ट उन्हें लगातार नए काम करने और खुद को एक कलाकार के तौर पर बेहतर बनाने की प्रेरणा देता है।