×

शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को FDA का नोटिस, ‘फुटेज में जाने विमल इलायची’ विज्ञापन पर मांगा जवाब

 

महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन यानी FDA ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। FDA का आरोप है कि विज्ञापन के जरिए महाराष्ट्र में प्रतिबंधित ‘विमल पान मसाला’ का अप्रत्यक्ष यानी सरोगेट प्रचार किया जा रहा है। तीनों अभिनेताओं को नोटिस का जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।

महाराष्ट्र FDA के ग्रेटर मुंबई डिविजन की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि विज्ञापन में ‘VIMAL Elaichi’ नाम और ब्रांड की पहचान इस तरह इस्तेमाल की गई है, जिससे इसका संबंध ‘विमल पान मसाला’ से जुड़ता दिखाई देता है। FDA का कहना है कि इससे उपभोक्ताओं को भ्रमित करने के साथ प्रतिबंधित उत्पाद का अप्रत्यक्ष प्रचार होने की आशंका है।

11 अगस्त को जारी हुआ नोटिस

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/wUIM5ATcJn8?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/wUIM5ATcJn8/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

रिपोर्ट के मुताबिक, FDA ने तीनों अभिनेताओं को 11 अगस्त को नोटिस भेजा था। नोटिस में उनसे विज्ञापन में अपनी भूमिका को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही उन्हें विज्ञापन से संबंधित प्रचार सामग्री को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाने तथा आगे इस विज्ञापन के प्रचार में सहयोग नहीं करने का निर्देश दिया गया है।FDA ने यह भी कहा है कि अगर 15 दिन के भीतर जवाब नहीं दिया जाता या दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो आगे की कार्रवाई की जा सकती है। तीनों अभिनेता व्यक्तिगत रूप से या अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से व्यक्तिगत सुनवाई का अनुरोध भी कर सकते हैं।

ब्रांड नाम को लेकर FDA ने जताई आपत्ति

FDA के मुताबिक, ‘विमल’ ब्रांड महाराष्ट्र में पान मसाला से प्रमुख रूप से जुड़ा हुआ है। ऐसे में ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन में उसी ब्रांड नाम और पहचान के इस्तेमाल को लेकर नियामक ने सवाल उठाए हैं।नोटिस में अभिनेताओं से यह भी पूछा गया है कि क्या ‘विमल इलायची’ बाजार में स्वतंत्र रूप से उपलब्ध उत्पाद है या फिर इसका इस्तेमाल पान मसाला और तंबाकू से जुड़े उत्पादों के ब्रांड को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है। इसके अलावा उनसे विज्ञापन समझौते, कैंपेन ब्रीफ, भुगतान व्यवस्था और विज्ञापन एजेंसी से जुड़ी जानकारी भी मांगी गई है।

महाराष्ट्र में पान मसाला पर प्रतिबंध

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब महाराष्ट्र में प्रतिबंधित तंबाकू, निकोटिन और सुपारी आधारित उत्पादों के खिलाफ FDA की कार्रवाई जारी है। FDA ने बताया है कि महाराष्ट्र में प्रतिबंधित पान मसाला के निर्माण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर रोक से जुड़े आदेश लागू हैं।मामले में अब तीनों अभिनेताओं के जवाब का इंतजार है। उनके स्पष्टीकरण और उपलब्ध दस्तावेजों की समीक्षा के बाद FDA आगे की कार्रवाई पर फैसला करेगा। फिलहाल नोटिस जारी होना किसी अपराध या उल्लंघन का अंतिम निष्कर्ष नहीं है, बल्कि नियामक की ओर से आरोपों पर स्पष्टीकरण मांगने की प्रक्रिया है।