दिलजीत दोसांझ का ‘ऑरा वर्ल्ड टूर 2026’ विवादों में, वीडियो में देंखे कैलगरी शो में खालिस्तानी झंडे दिखाने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस
पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का ऑरा वर्ल्ड टूर 2026 एक बार फिर विवादों में आ गया है। 30 अप्रैल को कनाडा के कैलगरी में हुए उनके शो के दौरान कुछ दर्शकों द्वारा खालिस्तानी झंडे दिखाए जाने की घटना सामने आई, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।शो के दौरान हुई इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलजीत दोसांझ ने मंच से इशारों में अपनी नाराजगी जाहिर की। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी जांघ पर हाथ मारते हुए कहा था कि वह ऐसे झंडों को बाहर उठाकर फेंक देंगे। इसी बयान और इशारे के बाद मामला और तूल पकड़ गया।इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। 3 मई को एक सोशल मीडिया अकाउंट से दिलजीत दोसांझ को लेकर कड़ी टिप्पणी की गई और उन्हें खुले तौर पर चुनौती दी गई। पोस्ट में कहा गया कि “अब सामने खड़े रहना” और यह भी दावा किया गया कि यह इशारा किसी विशेष विचारधारा के खिलाफ नहीं बल्कि एक अलग संदर्भ में किया गया था।
इसी पोस्ट में आगे लिखा गया कि “तुम्हें नत्थ डालेंगे” और यह भी आरोप लगाया गया कि दिलजीत ने अपने सिख होने की छवि को लेकर गलत संदेश दिया है। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि पहले भी कुछ कलाकारों के अहंकार को इसी तरह चुनौती दी गई थी।हालांकि, इस पूरे विवाद पर दिलजीत दोसांझ की ओर से अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन सोशल मीडिया पर उनके समर्थन और विरोध दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
इस मामले ने एक बार फिर विदेशों में पंजाबी कलाकारों के कार्यक्रमों के दौरान होने वाली राजनीतिक और वैचारिक बहस को चर्चा में ला दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे आयोजनों में कलाकारों को अक्सर अनचाही परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, जो बाद में बड़े विवाद का रूप ले लेती हैं।फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है और दोनों पक्षों की ओर से बयानबाजी जारी है। आयोजकों और संबंधित एजेंसियों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।