दीया मिर्जा ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ काम करने का अनुभव बताया ‘बुरे सपने’ जैसा: वीडियो में जाने इंस्टाग्राम पर लिखा- बात करने की तमीज नहीं, एटीट्यूड अलग लेवल का
बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा ने अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी को लेकर सोशल मीडिया पर एक ऐसा पोस्ट किया है, जिसने फिल्म जगत में हलचल मचा दी है। दीया ने नवाजुद्दीन के साथ काम करने के अपने अनुभव को किसी बुरे सपने जैसा बताया है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में सीधे नवाजुद्दीन को टैग करते हुए उनके व्यवहार पर नाराजगी जाहिर की। हालांकि, अभिनेत्री ने इस पोस्ट में अपने गुस्से की कोई ठोस वजह नहीं बताई है।दीया मिर्जा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “बात करने की तमीज नहीं, एटीट्यूड अलग लेवल का। ऑफेंसिव कैरेक्टर!” उनके इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों कलाकारों के बीच अनबन को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
दीया के पोस्ट से मचा हड़कंप
दीया मिर्जा का यह पोस्ट इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि उन्होंने सीधे नवाजुद्दीन सिद्दीकी को टैग किया है। उन्होंने उनके साथ काम करने के अनुभव को नाइटमेयर यानी बुरे सपने जैसा बताया। हालांकि, पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया कि शूटिंग के दौरान ऐसी कौन सी घटना हुई, जिसके कारण उन्हें यह प्रतिक्रिया देनी पड़ी।दूसरी ओर, इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स इसे दोनों कलाकारों की आगामी सीरीज ‘डॉक्टर हसन’ से जोड़कर देख रहे हैं।
‘डॉक्टर हसन’ के प्रचार का हिस्सा होने की चर्चा
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का मानना है कि दीया मिर्जा का यह पोस्ट आगामी सीरीज ‘डॉक्टर हसन’ के प्रचार का हिस्सा हो सकता है। लोग इसे प्रचार के लिए अपनाया गया तरीका यानी पीआर स्टंट बता रहे हैं। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।नवाजुद्दीन सिद्दीकी की ओर से भी दीया के पोस्ट पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों कलाकारों के बीच वास्तव में कोई विवाद हुआ है या यह किसी प्रचार रणनीति का हिस्सा है।
पहले भी विवादों में रहे हैं नवाजुद्दीन
नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपने अभिनय के साथ-साथ कई बार निजी जिंदगी और विवादों को लेकर भी सुर्खियों में रहे हैं। साल 2017 में उनकी आत्मकथा ‘एन ऑर्डिनरी लाइफ’ को लेकर विवाद हुआ था। किताब में लिखी गई कुछ बातों पर आपत्ति जताए जाने के बाद अभिनेता ने इसे वापस लेने का फैसला किया था।इसके अलावा अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह के एक फिल्म छोड़ने के मामले और उनकी पत्नी आलिया के साथ कानूनी विवाद ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इन घटनाओं के चलते नवाजुद्दीन की निजी जिंदगी और फिल्मी करियर दोनों चर्चा में रहे हैं।फिलहाल दीया मिर्जा के पोस्ट के बाद ‘डॉक्टर हसन’ को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है। अब देखना होगा कि दोनों कलाकार इस मामले पर कोई स्पष्टीकरण देते हैं या नहीं।