ग्रैमी अवॉर्ड्स 2027 की रेस से बाहर हुई ‘धुरंधर: द रिवेंज’, वीडियो में देंखे 9 कैटेगरी में भेजे गए थे गाने
रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को ग्रैमी अवॉर्ड्स 2027 में बड़ा झटका लगा है। फिल्म का कोई भी गाना 69वें ग्रैमी अवॉर्ड्स की अंतिम नामांकन सूची में जगह नहीं बना पाया। सोमवार को जारी हुई नामांकन सूची के बाद फिल्म के संगीत को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। खास बात यह है कि फिल्म के गानों ने 300 करोड़ रुपए से ज्यादा का राजस्व जुटाया था, लेकिन इसके बावजूद वे ग्रैमी की दौड़ में आगे नहीं बढ़ सके।फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी शाश्वत सचदेव ने संभाली थी। निर्माताओं ने अक्टूबर में फिल्म के साउंडट्रैक और अलग-अलग गानों को कुल 9 श्रेणियों में नामांकन के लिए भेजा था। हालांकि, अंतिम सूची में फिल्म का कोई भी गाना शामिल नहीं हो सका।
अरिजीत सिंह का ‘फिर से’ भी नहीं बना जगह
फिल्म के चर्चित गानों में शामिल ‘फिर से’ को सर्वश्रेष्ठ दृश्य माध्यम गीत श्रेणी में नामांकन के लिए भेजा गया था। इस गाने को अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है। गाने को लेकर काफी चर्चा रही, लेकिन ग्रैमी अवॉर्ड्स की अंतिम नामांकन सूची में इसे जगह नहीं मिली।वहीं, ‘आरी आरी’ को सर्वश्रेष्ठ एशियाई पॉप संगीत प्रस्तुति श्रेणी में भेजा गया था। इस गाने को बॉम्बे रॉकर्स, खान साब, जैस्मिन सैंडलस, रिबेल, टोकन और सुधीर यादवांशी ने अपनी आवाज दी है। हालांकि, यह गाना भी अंतिम सूची तक नहीं पहुंच सका।
‘जान से गुजरते हैं’ और ‘कन्हैया’ भी बाहर
ग्रैमी की जारी नामांकन सूची के मुताबिक, फिल्म के दो अन्य गाने ‘जान से गुजरते हैं’ और ‘कन्हैया’ भी सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत प्रस्तुति श्रेणी में जगह बनाने में नाकाम रहे।इसके अलावा जैस्मिन सैंडलस और सतिंदर सरताज की आवाज में तैयार गाना ‘जाइए सजना’ सर्वश्रेष्ठ पॉप युगल या समूह प्रस्तुति श्रेणी के लिए भेजा गया था। इस गाने को भी नामांकन नहीं मिला।
300 करोड़ से ज्यादा का राजस्व, फिर भी नहीं मिला नामांकन
‘धुरंधर: द रिवेंज’ के संगीत को लेकर निर्माताओं और प्रशंस को ग्रैमी अवॉर्ड्स से काफी उम्मीदें थीं। फिल्म के गानों ने 300 करोड़ रुपए से ज्यादा का राजस्व जुटाया था। इसके बावजूद फिल्म का कोई भी ट्रैक अंतिम नामांकन सूची में जगह नहीं बना सका।ग्रैमी अवॉर्ड्स संगीत की दुनिया के सबसे चर्चित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों में शामिल हैं। ऐसे में किसी फिल्म के गानों को नामांकन के लिए भेजा जाना भी बड़ी बात मानी जाती है। हालांकि, नामांकन के लिए भेजे गए सभी गानों को अंतिम सूची में जगह मिलना जरूरी नहीं होता। अब ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का संगीत इस साल ग्रैमी अवॉर्ड्स की अंतिम दौड़ से बाहर हो गया है।