अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ पर मालिकाना हक को लेकर विवाद, वीडियो में जाने जया बच्चन के नाम ट्रांसफर पर देवरानी ने उठाए सवाल
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का मुंबई स्थित मशहूर बंगला ‘जलसा’ इन दिनों एक नए विवाद को लेकर चर्चा में है। बंगले के मालिकाना हक को लेकर बच्चन परिवार के भीतर सवाल उठने लगे हैं। अमिताभ बच्चन के भाई अजिताभ बच्चन की पत्नी रमोला बच्चन ने बंगले को जया बच्चन के नाम ट्रांसफर किए जाने पर आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि जलसा का मालिकाना हक बिना उनकी जानकारी और सहमति के जया बच्चन के नाम कर दिया गया। इस मामले में रमोला पिछले सात महीनों से रजिस्ट्रार कार्यालय में कई बार शिकायत दर्ज करा चुकी हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रमोला बच्चन ने जलसा बंगले के स्वामित्व को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका दावा है कि यह बंगला पहले उनके नाम पर पंजीकृत था। बाद में वर्ष 1993 में एक उपहार विलेख (गिफ्ट डीड) के माध्यम से इसका मालिकाना हक जया बच्चन के नाम कर दिया गया। रमोला का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया की उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई थी। साथ ही, उन्होंने बंगले को जया बच्चन के नाम करने के लिए अपनी सहमति भी नहीं दी थी।
रमोला बच्चन ने इसी आधार पर वर्ष 1993 में किए गए संपत्ति हस्तांतरण की वैधता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब उन्हें इस प्रक्रिया की जानकारी ही नहीं थी, तो उनकी संपत्ति का मालिकाना हक दूसरी व्यक्ति के नाम कैसे ट्रांसफर कर दिया गया। यही वजह है कि वह पिछले कई महीनों से संबंधित सरकारी कार्यालयों में शिकायत कर इस मामले की जांच और रिकॉर्ड में सुधार की मांग कर रही हैं।
सरकारी और सोसाइटी के रिकॉर्ड में अलग-अलग नाम
इस पूरे विवाद में सबसे अहम बात यह है कि जलसा बंगले को लेकर अलग-अलग सरकारी और निजी रिकॉर्ड में अलग-अलग नाम दर्ज होने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, कपोल हाउसिंग सोसाइटी के दस्तावेजों में जया बच्चन को इस बंगले का मालिक बताया गया है। वहीं, महाराष्ट्र सरकार के संपत्ति कार्ड में अब भी रमोला बच्चन का नाम दर्ज होने का दावा किया जा रहा है।
दोनों रिकॉर्ड में नाम अलग-अलग होने के कारण संपत्ति के वास्तविक मालिकाना हक को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि सरकारी संपत्ति रिकॉर्ड से रमोला बच्चन का नाम हटाकर जया बच्चन का नाम दर्ज कराने की कोशिशों के बाद यह विवाद एक बार फिर सामने आया।
सात महीने से शिकायत कर रही हैं रमोला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रमोला बच्चन ने पिछले सात महीनों के दौरान रजिस्ट्रार कार्यालय में कई बार शिकायत की है। वह वर्ष 1993 की गिफ्ट डीड और उसके आधार पर हुए संपत्ति हस्तांतरण की प्रक्रिया पर सवाल उठा रही हैं।फिलहाल इस मामले में सामने आए आरोपों और संपत्ति के अलग-अलग रिकॉर्ड को लेकर विवाद बना हुआ है। हालांकि, रमोला के दावों पर बच्चन परिवार की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है। ऐसे में जलसा बंगले के मालिकाना हक को लेकर आगे क्या कानूनी स्थिति बनती है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।