सलमान खान के सामने फैन को बॉडीगार्ड ने मारा धक्का, बच्चे से मिलकर जीता दिल; कार वाले वीडियो पर भी दावा
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान गुरुवार को मुंबई में गणपति उत्सव में शामिल होने पहुंचे। सलमान ने भाजपा नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आशीष शेलार के आवास पर आयोजित गणपति पंडाल में पहुंचकर बप्पा के दर्शन किए। इस दौरान उनकी एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में फैंस र पैपराजी वहां मौजूद रहे। गणपति दर्शन के बाद सलमान से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें से एक को लेकर फैन के पैर पर गाड़ी चढ़ने का दावा किया जा रहा है।हालांकि, इस दावे की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
भीड़ में बच्चे को लगा धक्का
गणपति उत्सव में दर्शन करने के बाद जब सलमान खान बाहर निकलने लगे तो उनके आसपास फैंस और पैपराजी की भारी भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक बच्चे को सलमान के बॉडीगार्ड से कथित तौर पर धक्का लग गया।सलमान की नजर जब बच्चे पर पड़ी तो वह उसके पास पहुंचे। उन्होंने बच्चेसे प्यार से हाथ मिलाया और उसे सहज करने की कोशिश की। सलमान का यह अंदाज वहां मौजूद लोगों को भी देखने को मिला। इसके बाद अभिनेता भारी भीड़ के बीच लोगों को रास्ता साफ करने का इशारा करते नजर आए, ताकि वह सुरक्षित तरीके से वहां से निकल सकें।
फैन के पैर पर गाड़ी चढ़ने का दावा
इसी बीच सोशल मीडिया पर सलमान खान का एक और वीडियो सामने आया है। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि जब उनकी कार भीड़ के बीच से निकल रही थी, तब एक फैन का पैर कथित तौर पर गाड़ी के नीचे आ गया।वीडियो में सलमान कार के पास मौजूद नजर आते हैं और दावा किया जा रहा है कि वह इस घटना को लेकर ड्राइवर से नाराज हुए और उसे फटकार लगाई। हालांकि, इस बात की स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि वास्तव में किसी फैन का पैर सलमान की कार के नीचे आया था।
गणपति उत्सव में शामिल होने पहुंचे थे सलमान
सलमान खान गणपति उत्सव के दौरान मुंबई में लगातार अलग-अलग आयोजनों में नजर आ रहे हैं। आशीष शेलार के आवास पर आयोजित गणपति समारोह में भी उन्होंने पहुंचकर बप्पा के दर्शन किए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच सलमान को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में अभिनेता फैंस के बीच से निकलते और लोगों को रास्ता देने का इशारा करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं बच्चे से मिलने वाला वीडियो भी चर्चा में है। फिलहाल कार से जुड़े वीडियो में किए जा रहे दावे की पुष्टि के लिए किसी आधिकारिक बयान का इंतजार है।