अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की धमकी के बीच फैंस से मिले बिग बी, वीडियो में जाने पोस्ट में लिखा- 'बच गए'
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बीच रविवार को वह अपने प्रशंसकों से मिलने घर के बाहर आए। इस दौरान बंगले के मुख्य गेट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। फैंस का अभिवादन करने के बाद अमिताभ ने सोशल मीडिया पर एक क्रिप्टिक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने सिर्फ एक शब्द लिखा- 'सर्वाइव्ड' यानी 'बच गए'। उनकी इस पोस्ट को लगातार मिल रही धमकियों से जोड़कर देखा जा रहा है।अमिताभ बच्चन ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर यह स्ट की। हालांकि, उन्होंने इसमें किसी घटना या धमकी का सीधे तौर पर जिक्र नहीं किया। पोस्ट सामने आने के बाद प्रशंसकों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई।
गुरुवार को मिला था जलसा को बम से उड़ाने का ईमेल
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई थीं। अभिनेता के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।इससे पहले दिल्ली पुलिस ने अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग की साजिश रचने के आरोप में दो शार्पशूटर्स को गिरफ्तार किया है। लगातार सामने आ रही धमकियों और साजिश की खबरों के बीच अभिनेता की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है।
कड़ी सुरक्षा के बीच संडे दर्शन के लिए पहुंचे बिग बी
अमिताभ बच्चन हर रविवार की तरह इस बार भी अपने प्रशंसकों से मिलने बंगले के मुख्य गेट पर पहुंचे। हालांकि, इस बार उनके आसपास सुरक्षा का कड़ा घेरा नजर आया। बड़ी संख्या में जुटे प्रशंसकों का उन्होंने हाथ हिलाकर अभिवादन किया।इस दौरान अमिताभ हमेशा की तरह शांत नजर आए। उन्होंने सफेद कुर्ते के साथ नारंगी, नीले और सफेद रंग के प्रिंट वाली जैकेट पहनी थी। इसके साथ मैचिंग टोपी भी लगाई हुई थी। सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने कुछ समय प्रशंसकों के साथ बिताया।
पिछले दो सप्ताह से अभिषेक भी दिख रहे सतर्क
इस दौरान अमिताभ बच्चन के बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके पीछे खड़े नजर आए। बताया गया कि पिछले दो सप्ताह से संडे दर्शन के दौरान अभिषेक अपने पिता के पीछे सतर्कता के साथ मौजूद रह रहे हैं।बंगले को धमकी भरा ईमेल मिलने और फायरिंग की साजिश में गिरफ्तारी के बाद अमिताभ बच्चन का रविवार को प्रशंसकों के सामने आना चर्चा का विषय बना रहा। वहीं, उनकी 'सर्वाइव्ड' वाली पोस्ट को भी मौजूदा घटनाक्रम के संदर्भ में देखा जा रहा है। हालांकि, अमिताभ ने पोस्ट के जरिए इसका कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है।