अरुण बख्शी बोले- लड़ाई-झगड़े नहीं, दुनिया को मोहब्बत और मुरव्वत की जरूरत; वीडियो में जाने सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग पर भी जताई चिंता
बॉलीवुड अभिनेता और गायक अरुण बख्शी रविवार को संभल पहुंचे। वह यहां एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इस दौरान दोपहर करीब 2 बजे उन्होंने मीडिया से बातचीत की और जेन जी के बदलते व्यवहार, सोशल मीडिया पर बढ़ती ट्रोलिंग और फिल्मों में अश्लीलता जैसे मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के कई देशों में तनाव और झगड़े का माहौल है। ऐसे समय में लड़ाई-झगड़े के बजाय आपसी प्रेम, शांति और मुरव्वत की जरूरत है।
अरुण बख्शी ने कहा कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में देशों के बीच विवाद चल रहे हैं। वहीं, जेन जी के बीच भी कई तरह के टकराव देखने को मिल रहे हैं। उनका मानना है कि मौजूदा हालात में लोगों को एक-दूसरे के साथ मिल-जुलकर रहना चाहिए। समाज में नफरत और विवाद बढ़ाने के बजाय मोहब्बत को बढ़ावा देना जरूरी है।
सोशल मीडिया पर बढ़ती ट्रोलिंग पर जताई चिंता
अभिनेता ने सोशल मीडिया पर बढ़ते कमेंट और ट्रोलिंग के चलन पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पहले लोगों के बीच शांति, सुकून, मोहब्बत और मुरव्वत का माहौल हुआ करता था। उस दौर में फिल्मों के जरिए कटाक्ष करने का भी एक अलग अंदाज था।अरुण बख्शी के मुताबिक, आज सोशल मीडिया पर हर कोई एक-दूसरे को ट्रोल करने में लगा हुआ है। लोग बिना सोचे-समझे टिप्पणियां करते हैं, जिससे आपसी संबंधों और सामाजिक माहौल पर असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि बातचीत और आलोचना का तरीका ऐसा होना चाहिए, जिससे किसी के प्रति नफरत न बढ़े।
भारत की एकता और प्रेम की भावना बनाए रखने की अपील
अरुण बख्शी ने कहा कि हिंदुस्तान साधु-संतों का देश है और यहां प्यार-मोहब्बत से ही संसार चलता है। उन्होंने श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश सहित आसपास के देशों में जारी अलग-अलग विवादों और तनाव का भी जिक्र किया।उन्होंने कहा कि जब दुनिया के कई हिस्सों में तनाव देखने को मिल रहा है, तब भारत को अपनी एकता और प्रेम की भावना बनाए रखनी चाहिए। लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर शांति और भाईचारे के साथ रहना चाहिए।
फिल्मों और समाज में सकारात्मकता की जरूरत
अरुण बख्शी ने फिल्मों में अश्लीलता जैसे मुद्दों पर भी अपनी राय रखी। उनकी बातचीत का मुख्य संदेश यही रहा कि मनोरंजन और सोशल मीडिया के जरिए समाज में सकारात्मकता को बढ़ावा मिलना चाहिए। उनके मुताबिक, आज के दौर में लोगों को एक-दूसरे का मजाक उड़ाने और विवाद बढ़ाने के बजाय प्रेम, सम्मान और आपसी सद्भाव को महत्व देना चाहिए।