बॉबी देओल की फिल्म ‘बंदर’ का टीजर रिलीज, वीडियो में जाने अनुराग कश्यप के साथ पहली बार आएंगे नजर
बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल की आगामी फिल्म बंदर का बहुप्रतीक्षित टीजर गुरुवार को जारी कर दिया गया है। करीब 1 मिनट 29 सेकंड के इस टीजर ने सोशल मीडिया पर रिलीज होते ही दर्शकों का ध्यान खींच लिया है।टीजर में बॉबी देओल ‘समर’ नाम के एक ऐसे किरदार में नजर आ रहे हैं, जिसकी पहचान धीरे-धीरे खोने लगती है और जिसकी जिंदगी एक केस के बाद पूरी तरह बदल जाती है। उनका यह किरदार काफी गंभीर और रहस्यमय अंदाज में दिखाया गया है, जो फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ाता है।
टीजर की शुरुआत 70 के दशक के डिस्को स्टाइल से होती है, जिसमें रेट्रो लुक और म्यूजिक का इस्तेमाल किया गया है। इसमें रिमैजिन किए गए गाने “कम ऑन बेबी, दिल किसको देगी” ने पुराने दौर की झलक को आधुनिक अंदाज में पेश किया है। इस फिल्म का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने किया है, जो पहले देव डी, ब्लैक फ्राइडे और गैंग्स ऑफ वासेपुर जैसी चर्चित फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। यह पहली बार है जब अनुराग कश्यप और बॉबी देओल किसी फिल्म में साथ काम कर रहे हैं।
फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी दमदार बताई जा रही है। इसमें सपना पब्बी, सबा आजाद, सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी और रिद्धि सेन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।टीजर के रिलीज होते ही फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर लोग बॉबी देओल के नए अवतार और अनुराग कश्यप की कहानी कहने की शैली की जमकर चर्चा कर रहे हैं।फिल्म ‘बंदर’ को एक डार्क और इंटेंस ड्रामा बताया जा रहा है, जिसमें पहचान, मानसिक संघर्ष और एक रहस्यमयी केस के इर्द-गिर्द कहानी घूमती है। अब दर्शकों को इसके ट्रेलर और रिलीज डेट का इंतजार है।