मुश्ताक खान की प्रेयर मीट में भावुक हुए अंजन श्रीवास्तव, वीडियो में जाने राजपाल यादव को निकाले जाने का दावा निकला गलत
मुंबई में बुधवार को दिवंगत अभिनेता मुश्ताक खान की प्रेयर मीट आयोजित की गई। इस मौके पर बॉलीवुड के कई कलाकार और उनके करीबी सहयोगी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। प्रेयर मीट में पूनम ढिल्लों, राजपाल यादव, राहुल रॉय, किरण कुमार, अनिल शर्मा समेत कई फिल्मी हस्तियां नजर आईं। कार्यक्रम के दौरान दिवंगत अभिनेता को याद करते हुए कई कलाकार भावुक भी दिखाई दिए।‘वागले की दुनिया’ फेम दिग्गज अभिनेता अंजन श्रीवास्तव भी मुश्ताक खान को याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने मुश्ताक खान की तारीफ करते हुए उन्हें एक ‘सुपर डुपर हिट’ लीडर बताया। अंजन श्रीवास्तव ने उनके साथ बिताए समय और उनके व्यक्तित्व को याद किया और कहा कि मुश्ताक खान सिर्फ एक अच्छे कलाकार ही नहीं, बल्कि लोगों को साथ लेकर चलने वाले व्यक्ति भी थे।
राजपाल यादव का वीडियो हुआ वायरल
मुश्ताक खान की प्रेयर मीट के बाद अभिनेता राजपाल यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद कुछ पैपराजी पेजों की ओर से दावा किया गया कि राजपाल यादव को प्रेयर मीट से बाहर निकाल दिया गया। इस दावे के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।हालांकि, सामने आई जानकारी के मुताबिक यह दावा सही नहीं है। राजपाल यादव को प्रेयर मीट से निकाला नहीं गया था। दरअसल, प्रेयर मीट खत्म होने के बाद जब राजपाल यादव बाहर निकल रहे थे, तब वहां मौजूद कुछ पैपराजी और फैंस उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने लगे।
परिवार को पसंद नहीं आया सेल्फी लेने का तरीका
बताया गया कि शोक के माहौल में इस तरह फोटो और सेल्फी लेने की कोशिश मुश्ताक खान के परिवार को पसंद नहीं आई। वायरल वीडियो में एक महिला कुछ लोगों पर नाराजगी जताती हुई दिखाई दे रही हैं। कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में इसे राजपाल यादव को लेकर गुस्सा बताया गया, लेकिन जानकारी के अनुसार महिला का गुस्सा राजपाल यादव पर नहीं था।महिला वहां राजपाल यादव के साथ सेल्फी और फोटो लेने की कोशिश कर रहे फैंस और पैपराजी पर नाराज थीं। ऐसे मौके पर परिवार की भावनाओं को देखते हुए सेल्फी और फोटो लेने को लेकर आपत्ति जताई गई थी।
वायरल वीडियो से अलग निकली कहानी
राजपाल यादव को प्रेयर मीट से निकाले जाने की बात सामने आने के बाद वीडियो ने सोशल मीडिया पर काफी ध्यान खींचा, लेकिन घटना का संदर्भ अलग बताया जा रहा है। राजपाल यादव कार्यक्रम में शामिल हुए और दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि देने के बाद ही वहां से बाहर निकले थे। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि शोक और निजी पारिवारिक कार्यक्रमों के दौरान सेलिब्रिटीज के साथ फोटो और सेल्फी लेने से पहले माहौल और परिवार की भावनाओं का ध्यान रखना जरूरी है।