बम की धमकियों के बीच दिलजीत का मुंबई में कॉन्सर्ट, वीडियो में बोले- आप बेशक बम फेंको, मेरी तरफ से फिर भी प्यार
लगातार मिल रही बम से उड़ाने की धमकियों के बीच पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में कॉन्सर्ट किया। इस दौरान उन्होंने धमकी देने वालों को जवाब देते हुए कहा कि उनका मकसद लोगों को डराकर कॉन्सर्ट में आने से रोकना है। दिलजीत ने फैंस के सामने अपनी बात रखी और मुंबई पुलिस का भी शुक्रिया अदा किया।कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने कहा कि कुछ लोग उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दे रहे हैं। उनका उद्देश्य यही है कि उनके शो में लोग न आएं और फैंस को डराकर कार्यक्रम में शामिल होने से रोका जाए।
बोले- आप बेशक बम फेंको, मेरी तरफ से फिर भी प्यार.
दिलजीत ने मंच से कहा, "कहते हैं दिलजीत को बम से उड़ा देंगे। वाह, इनका मकसद सिर्फ यही है कि दिलजीत के शो में लोग न आएं। उनको डरा दिया जाए, धमका दिया जाए। किसी भी तरीके से रोक दिया जाए।"इसके बाद उन्होंने अपने अंदाज में शायरी सुनाते हुए कहा, "शहरों में तो बारूदों का मौसम है, गांव चलो, ये अमरूदों का मौसम है। मेरी तरफ से आपको प्यार है। आप बेशक बम फेंको। मेरी तरफ से फिर भी आपको प्यार है।"
गांव और मिट्टी से जुड़ाव की बात कही
दिलजीत ने कहा कि उनके गाने गांव और वहां की जिंदगी से जुड़े हैं, क्योंकि वह खुद भी गांव से आते हैं। उन्होंने कहा, "मैं जो गाने गाता हूं, वो गांव से हैं, मैं खुद भी गांव से हूं। मेरा गाना आपको समझ न आए, लेकिन मिट्टी की खुशबू आपको जरूर आएगी।"उन्होंने कॉन्सर्ट में मौजूद लोगों से कहा कि उन्हें पता है कि जितने लोग कार्यक्रम में मौजूद हैं, उतने ही लोग बाहर भी फंसे हुए हैं। सुरक्षा जांच के कारण लोगों को अंदर आने में समय लग रहा है।दिलजीत ने इस दौरान मुंबई पुलिस की व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं और जांच के बाद ही लोगों को अंदर भेज रहे हैं। उन्होंने मुंबई पुलिस का धन्यवाद भी किया।
इंडिया ऑरा टूर के दौरान 5 बार मिली धमकी
दिलजीत दोसांझ इन दिनों ‘इंडिया ऑरा टूर 2026’ के तहत देश के अलग-अलग शहरों में कॉन्सर्ट कर रहे हैं। इसी दौरान उन्हें अब तक पांच बार बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं।मुंबई में कॉन्सर्ट से ठीक एक दिन पहले, 26 नवंबर को भी मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को धमकी भरा ईमेल मिला था। इस ईमेल में बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) मुख्यालय स्थित मेयर के कार्यालय, मुंबई मेट्रो नेटवर्क, अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट सहित कई महत्वपूर्ण जगहों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
सुरक्षा जांच के बीच हुआ कार्यक्रम
लगातार मिल रही धमकियों के बावजूद महालक्ष्मी रेसकोर्स में कॉन्सर्ट आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सुरक्षा जांच के कारण दर्शकों को अंदर आने में समय लगा। दिलजीत ने खुद मंच से इसका जिक्र किया और पुलिसकर्मियों की स्थिति को समझने की बात कही।कॉन्सर्ट के दौरान उनका संदेश साफ था कि धमकियों के जरिए लोगों को डराने की शिश की जा रही है, लेकिन वह अपने संगीत और फैंस के प्रति प्यार का संदेश देते रहेंगे।