‘डियर जिंदगी’ में अली जफर का रोल दूसरे एक्टर से कराया गया था रीशूट, वीडियो में जाने शाहरुख ने की थी उन्हें बनाए रखने की सिफारिश
पाकिस्तानी एक्टर और सिंगर अली जफर ने बॉलीवुड फिल्म ‘डियर जिंदगी’ से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि साल 2016 में रिलीज हुई इस फिल्म में उनके किरदार को दूसरे एक्टर के साथ दोबारा शूट किया गया था। भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ने के बाद यह फैसला लिया गया था। हालांकि, फिल्म की निर्देशक गौरी शिंदे चाहती थीं कि अली जफर ही इस किरदार में बने रहें।
अली जफर ने यह खुलासा हाल ही में वसीम अब्बास के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान किया। उन्होंने बताया कि फिल्म में उन्होंने रूमी नाम के म्यूजिशियन का किरदार निभाया था। इस भूमिका को लेकर विवाद और रीशूट की स्थिति बनने के बावजूद आखिरकार फिल्म में रूमी का किरदार अली जफर ने ही निभाया।हालांकि, इस मामले में एक अहम बात सामने आई है। अली जफर ने बातचीत में पुलवामा हमले का जिक्र किया, लेकिन ‘डियर जिंदगी’ नवंबर 2016 में रिलीज हुई थी, जबकि पुलवामा हमला फरवरी 2019 में हुआ था। इसलिए फिल्म की शूटिंग और रीशूट से जुड़ा विवाद 2016 के उरी हमले के बाद के हालात से जुड़ा माना जा रहा है।
शाहरुख खान ने भी की थी अली को बनाए रखने की सिफारिश
अली जफर के मुताबिक, फिल्म की निर्देशक गौरी शिंदे उन्हें ही रूमी के किरदार में रखना चाहती थीं। उन्हें यह भी जानकारी मिली थी कि शाहरुख खान ने निर्माताओं से खास तौर पर अनुरोध किया था कि फिल्म में उनका हिस्सा बरकरार रखा जाए। उस समय माहिरा खान भी शाहरुख की फिल्म ‘रईस’ का हिस्सा थीं।अंततः ‘डियर जिंदगी’ में रूमी का किरदार अली जफर ने ही निभाया। फिल्म में आलिया भट्ट मुख्य भूमिका में थीं और शाहरुख खान ने डॉक्टर जहांगीर खान का किरदार निभाया था।
‘डियर जिंदगी’ के बाद नहीं मिली हिंदी फिल्म
अली जफर ने भारत-पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव और उरी-पुलवामा हमलों के बाद बदले हालात का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इसके बाद बॉलीवुड में उनके काम का सिलसिला खत्म हो गया। ‘डियर जिंदगी’ उनकी आखिरी हिंदी फिल्म साबित हुई।अली जफर ने कहा कि उन्होंने बॉलीवुड में करीब पांच-छह साल तक काम किया और इस दौरान उन्हें काफी सम्मान मिला। उनके मुताबिक, भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में काम करना उनके लिए अच्छा अनुभव रहा।
फिल्म ‘डियर जिंदगी’ नवंबर 2016 में रिलीज हुई थी। गौरी शिंदे के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आलिया भट्ट ने कायरा और शाहरुख खान ने मनोवैज्ञानिक डॉक्टर जहांगीर खान की भूमिका निभाई थी। अली जफर फिल्म में रूमी नाम के म्यूजिशियन के किरदार में नजर आए थे।