अक्षय कुमार के ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ ग्रैंड फिनाले में मस्ती का तड़का, वीडियो में देंखे हाई हील्स पहनकर किया डांस
अक्षय कुमार के लोकप्रिय गेम शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ का सोमवार रात ग्रैंड फिनाले बड़े ही मनोरंजक अंदाज़ में संपन्न हुआ। फिनाले एपिसोड में जहां एक ओर सितारों की मौजूदगी ने शो में रौनक बढ़ाई, वहीं दूसरी ओर मजेदार टास्क और हल्की-फुल्की नोकझोंक ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।फिनाले में जैकलीन फर्नांडिस, भूमि पेडनेकर और फराह खान बतौर मेहमान शामिल रहीं। पूरे एपिसोड में हंसी-मजाक और मस्ती का माहौल बना रहा।
शो के दौरान जैकलीन फर्नांडिस के आग्रह पर अक्षय कुमार ने फिल्मी गाने ‘लाल परी’ पर डांस किया। उनके एनर्जेटिक अंदाज़ ने स्टूडियो का माहौल और भी जीवंत बना दिया।इसी दौरान जैकलीन और भूमि ने मजाकिया अंदाज़ में शिकायत की कि अक्षय सेट पर अक्सर उनके साथ डरावने प्रैंक करते हैं। इस पर दोनों ने मिलकर अक्षय से “बदला” लेने का मजेदार प्लान बनाया।
जैकलीन ने अक्षय को एक टास्क दिया, जिसमें उन्हें हाई हील्स पहनकर एक मिनट तक डांस करना था। अक्षय ने चुनौती स्वीकार की और जैसे ही उन्होंने हील्स पहनकर डांस शुरू किया, उसी दौरान हील्स टूट गईं, जिससे सेट पर हंसी का माहौल बन गया।डांस खत्म करने के बाद अक्षय कुमार ने हंसते हुए कहा, “सारी औरतों को सलाम है, कैसे पहनती हो आप लोग ये? मुझे तो बहुत डर लग रहा था।”
मुंबई में शूट किए गए इस फिनाले एपिसोड में दर्शकों को मनोरंजन, कॉमेडी और स्टार पावर का शानदार मिश्रण देखने को मिला। सोशल मीडिया पर भी शो के क्लिप्स तेजी से वायरल हो रहे हैं और फैंस अक्षय के इस मजेदार अंदाज़ की जमकर तारीफ कर रहे हैं।