दुबई में मिसाइल हमलों का असर, वीडियो में देखें अभिनेत्री अमीषा पटेल की फ्लाइट डायवर्ट; मस्कट में फंसीं
दुबई में हुए ताजा मिसाइल हमलों का असर अब अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात पर भी देखने को मिल रहा है। सुरक्षा कारणों के चलते यूएई का एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद किए जाने से कई उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा है, जिसका असर बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल पर भी पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, अमीषा पटेल हाल ही में न्यूयॉर्क से मुंबई के लिए एमिरेट्स एयरलाइंस की फ्लाइट से रवाना हुई थीं। उनकी फ्लाइट को दुबई में लैंड करना था, लेकिन अचानक क्षेत्र में बढ़े तनाव और मिसाइल हमलों की खबरों के चलते एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने एयरस्पेस बंद कर दिया।
इसके बाद विमान को सुरक्षा कारणों से ओमान के मस्कट शहर की ओर डायवर्ट कर दिया गया। इस स्थिति के चलते अभिनेत्री और अन्य यात्री फिलहाल मस्कट में फंसे हुए हैं और आगे की उड़ान को लेकर इंतजार कर रहे हैं।
अमीषा पटेल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस घटना की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि वे न्यूयॉर्क से मुंबई वापस आ रही थीं, लेकिन दुबई में उतरने से ठीक पहले यूएई के एयरस्पेस को बंद कर दिया गया, जिसके कारण उनकी फ्लाइट को मस्कट डायवर्ट करना पड़ा।
अपने पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा कि वे आगे की जानकारी का इंतजार कर रही हैं और स्थिति को लेकर चिंता जताई। उन्होंने यह भी कहा, “ये युद्ध आखिर कब खत्म होगा।” इस घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़े असर को लेकर चिंता और बढ़ गई है। कई एयरलाइंस ने सुरक्षा कारणों से अपने रूट्स में बदलाव किया है।