वीडियो में जाने सलीम खान की सेहत में सुधार, जल्द घर लौट सकते हैं: आमिर खान
दिग्गज स्क्रिप्ट राइटर सलीम खान की तबीयत को लेकर अभिनेता आमिर खान ने राहत भरी खबर दी है। उन्होंने कहा है कि सलीम खान की सेहत में सुधार हो रहा है और उम्मीद है कि वे जल्द ही घर लौट सकते हैं।
बुधवार को मुंबई प्रेस क्लब के एक कार्यक्रम में पहुंचे आमिर खान से जब मीडिया ने सलीम खान की तबीयत के बारे में सवाल किया, तो उन्होंने कहा, “मैं सलीम साहब से मिलने गया था। हम सब दुआ कर रहे हैं कि वो जल्द से जल्द अच्छे हो जाएं। क्योंकि वो आईसीयू में थे, मैं उनसे पर्सनली नहीं मिल पाया। मैं उनके परिवार के साथ बैठा था।”
आमिर खान ने आगे बताया कि परिवार के सदस्य लगातार स्वास्थ्य अपडेट दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “मुझे अलवीरा जी हर रोज बता रही हैं कि उनकी हेल्थ इम्प्रूव हो रही है। हम सब प्रार्थना कर रहे हैं, दुआ कर रहे हैं कि वो एक बार फिर घर आ जाएं।”
गौरतलब है कि सलीम खान हिंदी सिनेमा के दिग्गज लेखकों में शुमार किए जाते हैं। उन्होंने जावेद अख्तर के साथ मिलकर कई सुपरहिट फिल्मों की पटकथाएं लिखीं, जिनमें ‘शोले’, ‘दीवार’ और ‘जंजीर’ जैसी क्लासिक फिल्में शामिल हैं। उनकी तबीयत खराब होने की खबर सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों के बीच चिंता का माहौल था।
सलीम खान के बेटे और अभिनेता सलमान खान सहित पूरा परिवार इस समय उनके साथ है। फिल्म जगत के कई कलाकार और करीबी दोस्त परिवार से संपर्क में हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।