लाला अमरनाथ बनने के लिए क्रिकेट सीख रहे आमिर खान, वीडियो में देंखे कोलाबा में लिया नया ठिकाना
अभिनेता आमिर खान अपनी अगली फिल्म ‘ललकारा’ में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी लाला अमरनाथ की भूमिका निभाने की तैयारी कर रहे हैं। निर्देशक आशुतोष गोवारिकर की इस स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म के लिए आमिर ने क्रिकेट की ट्रेनिंग शुरू कर दी है। उनके साथ फिल्म में नजर आने वाले अभिनेता विक्रांत मैसी, जितेंद्र कुमार और धैर्य करवा भी अभ्यास कर रहे हैं।
कोलाबा के अपार्टमेंट में शिफ्ट हुए आमिर
क्रिकेट की नियमित प्रैक्टिस और घर में चल रहे रेनोवेशन के चलते आमिर खान अपनी पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ दक्षिण मुंबई के कोलाबा स्थित एक लक्जरी अपार्टमेंट में रहने चले गए हैं। बांद्रा स्थित उनके घर में इन दिनों मरम्मत और रेनोवेशन का काम चल रहा है।बताया जा रहा है कि कोलाबा में रहने से आमिर को नजदीकी क्रिकेट ग्राउंड तक पहुंचने में आसानी हो रही है। इससे उन्हें रोजाना अभ्यास के लिए आने-जाने में कम समय लगेगा और वह अपने किरदार की तैयारी पर ज्यादा ध्यान दे सकेंगे।
दो पूर्व भारतीय क्रिकेटर दे रहे ट्रेनिंग
फिल्म की कास्ट दक्षिण मुंबई के एक प्रमुख क्रिकेट क्लब में अभ्यास कर रही है। आमिर खान समेत अन्य कलाकारों को दो पूर्व भारतीय क्रिकेटर ट्रेनिंग दे रहे हैं। ये दोनों कोच इससे पहले कबीर खान की फिल्म ‘83’ के कलाकारों को भी क्रिकेट का प्रशिक्षण दे चुके हैं।आमिर की क्रिकेट ट्रेनिंग नवंबर और दिसंबर तक चलने की उम्मीद है। फिल्म में लाला अमरनाथ जैसे दिग्गज खिलाड़ी का किरदार निभाने के लिए आमिर को क्रिकेट की बारीकियों के साथ-साथ मैदान पर उनके खेलने के अंदाज को भी सीखना होगा।
25 साल बाद साथ आएंगे आमिर और आशुतोष
‘ललकारा’ आमिर खान और निर्देशक आशुतोष गोवारिकर की जोड़ी के दोबारा साथ आने के कारण भी चर्चा में है। दोनों करीब 25 साल बाद किसी फिल्म में साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म ‘लगान’ में साथ काम किया था।‘लगान’ को भारत के साथ दुनियाभर में सराहना मिली थी। फिल्म को बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म की श्रेणी में ऑस्कर के लिए नामांकन भी मिला था। अब ‘ललकारा’ के जरिए दोनों एक बार फिर साथ आ रहे हैं। फिल्म में आमिर का लाला अमरनाथ के रूप में नजर आना दर्शकों के लिए खास आकर्षण हो सकता है।