CJP प्रदर्शन के समर्थन में उतरे बॉलीवुड सितारे, अनुराग कश्यप ने सरकार पर साधा निशाना; प्रकाश राज और वरुण ग्रोवर ने भी उठाई आवाज
दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के विरोध प्रदर्शन को लेकर माहौल गरमाया हुआ है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। इस बीच फिल्म जगत और सोशल मीडिया से जुड़ी कई हस्तियों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। अभिनेता प्रकाश राज, लेखक वरुण ग्रोवर, लोकगायिका नेहा सिंह राठौर और फिल्ममेकर अनुराग कश्यप की पोस्ट चर्चा में हैं।
प्रकाश राज बोले—हमारी आवाज को गिरफ्तार नहीं कर सकते
अभिनेता प्रकाश राज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा कर प्रदर्शन के समर्थन में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बल लोगों की आवाज को गिरफ्तार नहीं कर सकते। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “फ्रेंड... आप नदी को और कितने समय तक रोक पाएंगे?”उनकी इस टिप्पणी को सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण विरोध के संदर्भ में देखा जा रहा है।
वरुण ग्रोवर ने भी सरकार पर कसा तंज
लेखक और गीतकार वरुण ग्रोवर ने भी CJP प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की। उन्होंने एक विमान के वीडियो को री-शेयर करते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान की जा रही सख्ती पर सवाल उठाया। उनकी टिप्पणी में सरकार पर तंज भी देखने को मिला, जिसके बाद यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गई।
नेहा सिंह राठौर ने मणिपुर और पहलगाम का किया जिक्र
लोकगायिका नेहा सिंह राठौर ने भी प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने अपने वीडियो में पूछा कि जिस स्तर पर यहां सुरक्षा बलों की तैनाती दिखाई दे रही है, वैसी कार्रवाई मणिपुर और पहलगाम की घटनाओं के समय क्यों नहीं देखने को मिली?उन्होंने अपनी पोस्ट में किसानों के विरोध प्रदर्शन का भी जिक्र किया और सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई।
अनुराग कश्यप की दो पोस्ट ने खींचा ध्यान
फिल्ममेकर और अभिनेता अनुराग कश्यप ने भी इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए सरकार पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा। उनकी एक पोस्ट में लिखा था, “दो डरपोक, 40 हजार गुलाम, लाखों बहादुर।”इसके अलावा, उन्होंने दूसरी पोस्ट में वोट, संविधान और नागरिकों के अधिकारों को लेकर तीखी टिप्पणी की। उनकी पोस्ट को CJP प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है और सोशल मीडिया पर इस पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
आखिर क्यों हो रहा है CJP का प्रदर्शन?
CJP की ओर से 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किए जाने की जानकारी दी गई है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा है। वे मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं।इस प्रदर्शन के जरिए मतदाता सूची की पारदर्शिता, चुनाव आयोग की भूमिका और मतदान के अधिकार से जुड़े मुद्दे उठाए जा रहे हैं। वहीं, प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन की कार्रवाई भी चर्चा का विषय बनी हुई है।फिलहाल, CJP प्रदर्शन को लेकर फिल्मी हस्तियों की प्रतिक्रियाओं ने इस मामले को सोशल मीडिया पर और सुर्खियों में ला दिया है। अब देखना होगा कि प्रदर्शनकारियों की मांगों और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर आगे क्या घटनाक्रम सामने आता है।