☰
×

Bollywood Debut: सुब्हान नाडियाडवाला और आयरा की होगी बड़े पर्दे पर एंट्री, 2027 में ये स्टारकिड्स भी करेंगे डेब्यू

 

बॉलीवुड में एक बार फिर स्टारकिड्स की नई पीढ़ी बड़े पर्दे पर कदम रखने की तैयारी कर रही है। फिल्ममेकर साजिद नाडियाडवाला के बड़े बेटे सुब्हान नाडियाडवाला और अभिनेता रोहित रॉय की बेटी आयरा (कियारा) जल्द ही एक्टिंग की दुनिया में डेब्यू करने जा रहे हैं। दोनों को फिल्ममेकर शशांक खेतान अपनी अगली फिल्म 'ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं' से लॉन्च करेंगे। फिल्म का टाइटल वीडियो भी जारी कर दिया गया है, जिसमें दोनों नए कलाकारों की पहली झलक देखने को मिली है।

प्यार और बदले की कहानी होगी फिल्म

रोहित रॉय और मानसी जोशी रॉय की बेटी का असली नाम कियारा है। हालांकि, बॉलीवुड डेब्यू के लिए उनका स्क्रीन नेम आयरा रखा गया है। फिल्म की कहानी प्यार और बदले के इर्द-गिर्द घूमेगी। जारी किए गए वीडियो में शुरुआत में दो प्रेमियों के खूबसूरत पल दिखाए गए हैं, लेकिन इसके बाद कहानी में एक चौंकाने वाला मोड़ आता है।

फिल्म 9 जुलाई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके साथ ही शशांक खेतान अपने नए प्रोडक्शन हाउस 214 एंटरटेनमेंट की शुरुआत भी करेंगे। फिल्म को अमित चंद्रा, नलिनी दत्ता खेतान, करिश्मा ठक्कर और शशांक खेतान मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। इसकी कहानी लिखने के साथ निर्देशन की जिम्मेदारी भी शशांक खेतान ने संभाली है।

गौरतलब है कि शशांक इससे पहले 'धड़क' के जरिए ईशान खट्टर और जाह्नवी कपूर को बड़े पर्दे पर लॉन्च कर चुके हैं।

सुहाना खान का थिएटर डेब्यू भी चर्चा में

शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान भी जल्द ही बड़े पर्दे पर नजर आएंगी। उनकी फिल्म 'किंग' 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में वह पहली बार अपने पिता शाहरुख खान के साथ स्क्रीन साझा करेंगी। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं।

सुहाना इससे पहले 2023 में नेटफ्लिक्स की फिल्म 'द आर्चीज' से एक्टिंग की शुरुआत कर चुकी हैं। ऐसे में 'किंग' उनके करियर की पहली थिएटर रिलीज फिल्म होगी। इसमें दीपिका पादुकोण और अभिषेक बच्चन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

इन स्टारकिड्स के डेब्यू पर भी नजर

यशवर्धन आहूजा: अभिनेता गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा फिल्म 'हीरो की हीरोइन' से बॉलीवुड में कदम रखने की तैयारी कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन साजिद खान कर रहे हैं। इसमें उनकी मां सुनीता आहूजा भी नजर आएंगी, जो पर्दे पर उनकी मां का किरदार निभाएंगी। फिल्म में नितांशी गोयल भी शामिल हैं और इसकी रिलीज 2027 में बताई जा रही है।

नाओमिका सरन: राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया की नातिन नाओमिका सरन भी फिल्मों में डेब्यू करने वाली हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह वेदांग रैना के साथ एक रोमांटिक फिल्म में नजर आ सकती हैं। मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म का नाम 'जान है तू मेरी' बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

अरहान खान: अरबाज खान और मलाइका अरोड़ा के बेटे अरहान खान के भी फिल्मों में आने की चर्चा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह निर्देशक अनिरुद्ध अय्यर की एक एक्शन लव स्टोरी में नजर आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म में सलमान खान का खास कैमियो भी हो सकता है। हालांकि, इस प्रोजेक्ट को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

2026 में अगस्त्य नंदा और सिमर भाटिया ने किया डेब्यू

साल 2026 में भी कई चर्चित स्टारकिड्स ने फिल्मों में अपनी शुरुआत की। अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा और अक्षय कुमार की भतीजी सिमर भाटिया ने श्रीराम राघवन की फिल्म 'इक्कीस' से बॉलीवुड में कदम रखा।

फिल्म में अगस्त्य ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के नायक अरुण खेत्रपाल का किरदार निभाया था। इसमें धर्मेंद्र और जयदीप अहलावत भी अहम भूमिकाओं में नजर आए। सिमर भाटिया ने भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। कोइमोई की रिपोर्ट के अनुसार, 'इक्कीस' ने भारत में करीब 35.35 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि इसका बजट लगभग 60 करोड़ रुपये बताया गया। इस तरह फिल्म अपनी लागत के बराबर कमाई नहीं कर पाई।

नई पीढ़ी के कलाकारों पर टिकी नजरें

सुब्हान नाडियाडवाला, आयरा, यशवर्धन आहूजा और नाओमिका सरन जैसे नए चेहरों के आने से बॉलीवुड में स्टारकिड्स की नई पीढ़ी तैयार हो रही है। अब देखना होगा कि ये कलाकार अपने डेब्यू से दर्शकों के बीच कितनी पहचान बना पाते हैं।