☰
×

बर्थडे बॉय रणबीर कपूर पर बॉलीवुड ने बरसाया प्यार, मां नीतू और रवि दुबे ने भी दी बधाई

 

मुंबई, 28 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता रणबीर कपूर को सोमवार को जन्मदिन पर परिवार और इंडस्ट्री के दोस्तों ने बधाइयां दी।

अभिनेता रवि दुबे ने इंस्टाग्राम पर रणबीर कपूर के साथ कुछ तस्वीरें पोस्ट की और उनके साथ काम करने के अनुभव को शेयर करते हुए लिखा, "पिछले तीन साल से मुझे पीढ़ियों तक याद रखी जाने वाली फिल्म 'रामायण' का हिस्सा बनने और एक बेहतरीन अभिनेता रणबीर कपूर के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का सौभाग्य मिला है। मुझे नहीं लगता कि रणबीर भाई को पता भी है कि उनके छोटे भाई के तौर पर उनके बगल में खड़े होकर मैंने उनसे कितना कुछ सीखा है। मैंने उनकी विनम्रता, उनकी लगन और हर एक पल में उनकी गहरी निष्ठा को देखा है। सबसे खास बात यह है कि वो ये सब कितनी खामोशी से करते हैं।"

अभिनेता ने रणबीर के काम के प्रति समर्पण को लेकर लिखा, "रणबीर भाई, किरदार और फिल्म में अपना सब कुछ लगा देने वाले अभिनेता में से एक हैं। फिर, भी न कभी दिखावा करते हैं और न ही किसी पर उसका बोझ पड़ने देते हैं। इन तीन सालों में मेरा यह विश्वास और भी मजबूत हुआ है कि एक अभिनेता, एक लीड हीरो एक प्रोफेशनल के तौर पर हमारे बीच हैं। मैं अभी तक उन जैसा किसी से नहीं मिला।"

उन्होंने आगे लिखा, "अपनी पहली ही फिल्म में उनके साथ स्क्रीन शेयर करना एक ऐसा तोहफा है, जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। एक अभिनेता और एक प्रोफेशनल होने की एक मर्यादा होती है, एक अनकहा नियम, एक नैतिकता, काम और अपने आसपास के लोगों का सम्मान करने का एक तरीका और 'रामायण' जैसी फिल्म में अपनी जगह की जिम्मेदारी को समझना। रणबीर भाई इसे बेहद खूबसूरती से निभाते हैं। मैं आभारी हूं कि मुझे इसे इतने करीब से देखने का मौका मिला। जन्मदिन मुबारक हो रणबीर भाई।"

फिल्ममेकर सुभाष घई ने अभिनेता रणबीर कपूर की तारीफ करते हुए इंस्टाग्राम पर तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने रणबीर कपूर के लिए अपने प्यार की 5 वजहें बताईं। सुभाष घई ने लिखा, "मैं रणबीर को अपने टॉप टेन स्टार्स में सबसे ज्यादा प्यार करता हूं। उन्हें प्यार करने की मेरी 5 सच्ची वजहें हैं - वह कपूर परिवार की चौथी पीढ़ी के सुपरस्टार हैं। वह बिना किसी घमंड के एक सच्चे और खुद को समझने वाले इंसान हैं, उन्होंने खुद को एक बेहतरीन और हर तरह के किरदार निभाने वाले अभिनेता के रूप में साबित किया है, वह मेरे बहुत प्यारे दोस्तों ऋषि कपूर और नीतू कपूर के बेटे हैं। वह मेरी म्यूजिकल शॉर्ट फिल्म 'प्यार की गंगा बहे' में पहली बार नजर आए थे, तब वह महज आठ साल के थे।"

उन्होंने आगे लिखा, "और मेरा यकीन मानिए, वह दुनियाभर में 'रामायण' के एक सुपरस्टार के तौर पर छा जाने वाले हैं। आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई रणबीर।"

अभिनेत्री नीतू कपूर ने भी बेटे रणबीर कपूर को इंस्टाग्राम के जरिए जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने इंस्टाग्राम के स्टोरीज सेक्शन में रणबीर के साथ पोज देते हुए अपनी एक तस्वीर शेयर की। तस्वीर में, दोनों एक साथ खड़े होकर सेल्फी लेते हुए दिख रहे हैं। नीतू ने लिखा, "हैप्पी बर्थडे टू राणा (रणबीर कपूर), तुम मेरे हो और मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं।"

--आईएएनएस

एनएस/एबीएम