Bigg Boss 20: सलमान खान ने स्काउट-यंग को लगाई फटकार, काजी तौकीर हुए भावुक; घर में नकुल धुल की एंट्री
‘बिग बॉस 20’ के वीकेंड का वार एपिसोड में कई मुद्दों पर जमकर हंगामा देखने को मिला। सलमान खान ने घरवालों की गलतियों पर सवाल उठाए और स्काउट, यंग डीएसए समेत कई कंटेस्टेंट्स को फटकार लगाई। वहीं, काजी तौकीर के साथ खाने को लेकर हुए व्यवहार पर चर्चा के दौरान वह भावुक हो गए और फूट-फूटकर रोने लगे। एपिसोड में आम्रपाली दुबे को सलाह देने के साथ-साथ नए वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट नकुल धुल की एंट्री भी देखने को मिली।
स्काउट और यंग डीएसए को सलमान ने समझाया
सलमान खान ने स्काउट और यंग डीएसए के व्यवहार पर सवाल उठाए। उन्होंने लॉलीपॉप से जुड़े विवाद को लेकर दोनों को समझाया कि किसी बात का गलत अर्थ निकालने से विवाद बढ़ सकता है। इसके अलावा गाली-गलौज और शब्दों के इस्तेमाल को लेकर भी सलमान ने घरवालों को फटकार लगाई।
बटन से जुड़े विवाद में काजी तौकीर की भूमिका पर भी चर्चा हुई। सलमान ने सभी कंटेस्टेंट्स को एक-दूसरे से बातचीत करते समय शब्दों का ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने बुलिंग के मुद्दे पर भी बात की और बताया कि इस मामले में स्काउट, यंग और गुल्लू को समझाया गया है।
काजी तौकीर के साथ खाने के व्यवहार पर उठे सवाल
एपिसोड का सबसे भावुक पल तब आया, जब सलमान खान ने काजी तौकीर को खाना देने के तरीके पर सवाल उठाए। स्काउट ने सफाई देते हुए कहा कि लव गिल खाना देने जा रही थीं, लेकिन वह खुद खाना लेकर गए और रखकर वापस आ गए। उनका कहना था कि उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा।
इस पर सलमान ने सवाल किया कि जब काजी से परेशानी थी, तो स्काउट उनकी जगह खाना देने क्यों गए। उन्होंने खाने को इस तरह देने के तरीके को गलत बताया और कहा कि इससे सामने वाले की भावनाएं आहत हो सकती हैं।
बाद में काजी और माही ने भी खाने को लेकर अपनी परेशानी जाहिर की। इस चर्चा के दौरान काजी भावुक हो गए और रोने लगे। घर के इस घटनाक्रम ने एपिसोड को काफी चर्चा में ला दिया।
लव गिल के फिजिकल टच का मुद्दा भी उठा
सलमान खान ने लव गिल से जुड़े फिजिकल टच के मामले पर भी बात की। इस पर लव ने कहा कि वह मजाक में ऐसा करते हैं। सलमान ने स्पष्ट किया कि अगर संबंधित व्यक्ति को इससे कोई परेशानी नहीं है, तो बात अलग है। उन्होंने घरवालों को एक-दूसरे की सहजता और सीमाओं का सम्मान करने की बात समझाई।
इसके अलावा सलमान ने कनिका मान और गुल्लू के गेम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि दोनों अपनी व्यक्तिगत रणनीति के साथ खेल रहे हैं, भले ही वे हर समय चर्चा में न रहते हों।
आम्रपाली दुबे को मिली सलाह
सलमान खान ने आम्रपाली दुबे के खेल पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने बताया कि आम्रपाली फिलहाल न तो नॉमिनेशन में हैं और न ही किसी टास्क से बाहर हैं। सलमान ने उनके गेम की तारीफ करते हुए उन्हें इसी तरह अपना खेल जारी रखने की सलाह दी।
मैरी कॉम सुरक्षित, अमन गांधी की एक लाइफ खत्म
वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान ने बताया कि मैरी कॉम इस सप्ताह सुरक्षित हो गई हैं। वहीं, कम वोट मिलने के कारण अमन गांधी की एक लाइफ खत्म हो गई। सुरक्षित होने की खबर सुनकर मैरी कॉम काफी खुश नजर आईं।
नकुल धुल बने नए वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट
एपिसोड में नए वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट नकुल धुल की भी एंट्री हुई। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया मैसेज के जरिए उनकी स्काउट से बातचीत हुई थी, हालांकि दोनों की मुलाकात पहले नहीं हुई थी।
नकुल ने अपने अंदाज में कहा कि वह अपनी पहचान और दम के आधार पर खेलना पसंद करते हैं। इसके बाद घर में उनकी धमाकेदार एंट्री हुई। अब देखना होगा कि नकुल की मौजूदगी से घरवालों की रणनीति और आपसी समीकरणों पर क्या असर पड़ता है।