☰
×

Bigg Boss 20: सलमान खान ने AI और डीपफेक वीडियो पर जताई चिंता, बोले- 'ऐसे लोगों पर कार्रवाई जरूरी'
 

 

सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के रविवार का वार एपिसोड में कई मुद्दों को लेकर चर्चा देखने को मिली। शो में 'दृश्यम 3' और 'हुंकार' की स्टार कास्ट भी पहुंची। इस दौरान घरवालों को पुराने वीडियो क्लिप्स दिखाए गए और उनके व्यवहार पर सलमान खान ने बात की। एपिसोड में इस सीजन का दूसरा एविक्शन भी हुआ, जिसमें बादशाह की एक्स वाइफ ईशा रिखी को घर से बाहर होना पड़ा।

सलमान ने AI और डीपफेक का मुद्दा उठाया
रविवार का वार में सलमान खान ने सोशल मीडिया पर बढ़ती ट्रोलिंग के साथ AI और डीपफेक वीडियो को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि आज लोग किसी की आवाज को बदलकर या AI की मदद से ऐसे वीडियो तैयार कर रहे हैं, जिससे संबंधित व्यक्ति ने वास्तव में कुछ कहा या किया ही नहीं होता।
सलमान ने इसे गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि AI तकनीक काफी मजबूत हो गई है और इसका गलत इस्तेमाल चिंता का विषय है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि किसी व्यक्ति की आवाज को डब करके उसके नाम से आपत्तिजनक बातें प्रसारित की जा सकती हैं।
एक्टर ने यह भी कहा कि जिन लोगों को पता होता है कि वे क्या बना रहे हैं और फिर भी ऐसे कंटेंट को तैयार करके पोस्ट करते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर सेंसरशिप की बात
सलमान खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कंटेंट को लेकर सेंसरशिप की जरूरत पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी के बारे में गलत कंटेंट फैलने की स्थिति में हर व्यक्ति के पास अपनी पहचान या पहुंच के जरिए शिकायत करने की सुविधा नहीं होती।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों की पहचान या फॉलोअर्स नहीं हैं, उनके मामले में भी यह देखना जरूरी है कि उनके खिलाफ बनाए गए फर्जी या AI कंटेंट पर किस तरह कार्रवाई की जाएगी।

ट्रोलिंग पर भी बोले सलमान
एपिसोड की शुरुआत में सलमान खान ने घरवालों के आपसी विवादों और उनके व्यवहार पर चर्चा की। उन्होंने समझाया कि गलती या बहस के बाद बात को ज्यादा लंबे समय तक नहीं खींचना चाहिए।

सलमान ने ऑनलाइन ट्रोलिंग का जिक्र करते हुए कहा कि पहले आमने-सामने बुलिंग और ईव-टीजिंग जैसी घटनाएं होती थीं, जबकि अब सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों को निशाना बनाया जाता है।
ईशा रिखी का हुआ एविक्शन
वहीं, 'बिग बॉस 20' में इस सप्ताह यंग डीएसए और ईशा रिखी एविक्शन के लिए नॉमिनेट हुए थे। दर्शकों से मिले वोटों के आधार पर यंग डीएसए को बचा लिया गया, जबकि ईशा रिखी को शो से बाहर होना पड़ा। इस तरह ईशा रिखी 'बिग बॉस 20' से एविक्ट होने वाली दूसरी कंटेस्टेंट बन गई हैं।