×

Bigg Boss 20 Fight Live : पहले ही दिन माही विज के तेवर से घर में मचा घमासान, ईशा रिखी के तंज ने बढ़ाया पारा
 

 

'बिग बॉस 20' का आगाज होते ही घर के अंदर रिश्तों और टकराव का खेल शुरू होता नजर आ रहा है। ग्रैंड प्रीमियर के बाद सभी 16 कंटेस्टेंट्स घर में पहुंच चुके हैं, लेकिन शुरुआत से ही माही विज अपने अंदाज को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं। सामने आए प्रोमो में माही का घरवालों के साथ तीखा अंदाज देखने को मिल रहा है।

प्रोमो में माही विज घर के दूसरे सदस्यों को निर्देश देती नजर आती हैं। इसी बात को लेकर घर के कुछ कंटेस्टेंट्स उनके रवैये पर सवाल उठाते दिखाई देते हैं। घर के अंदर आते ही माही का यह दबदबा बाकी सदस्यों को कितना पसंद आता है, यह आने वाले एपिसोड में साफ होगा।

ईशा रिखी ने माही पर साधा निशाना
माही विज के व्यवहार को लेकर ईशा रिखी भी अपनी राय रखने से पीछे नहीं हटतीं। प्रोमो में ईशा माही के रवैये पर तंज कसती नजर आती हैं। उनका इशारा इस बात की तरफ था कि अगर माही का बस चले तो वह घरवालों से निजी काम भी करवाने लगें।

ईशा का यह बयान सामने आते ही घर के अंदर की तनातनी को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है। वहीं, सोशल मीडिया पर भी माही के पहले दिन के व्यवहार को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

काम को लेकर भी हो चुका है टकराव
माही विज और घर के अन्य सदस्यों के बीच घर के काम को लेकर तनाव की झलक भी सामने आ चुकी है। एक प्रोमो में अमन गांधी के साथ उनकी बहस दिखाई गई, जहां सामान खोलने और काम करने के तरीके को लेकर दोनों के बीच तीखी बातचीत होती है।

अब सवाल यह है कि क्या माही विज घर में इसी तरह अपने तेवर बरकरार रखेंगी या बाकी कंटेस्टेंट्स मिलकर उनके खिलाफ मोर्चा खोलेंगे? 'बिग बॉस 20' की शुरुआत से ही घर में बढ़ता तनाव आने वाले दिनों में नए विवादों को जन्म दे सकता है।