☰
×

Bigg Boss 20: नॉमिनेशन टास्क में भिड़े कंटेस्टेंट, हाथापाई के बाद नकुल धुल पर लटकी बाहर होने की तलवार?

 

बिग बॉस 20 के घर में नॉमिनेशन टास्क के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला। माही विज और आसिफ के बीच तनाव बढ़ा, वहीं मैरी कॉम, उदिती और अरिशफा के बीच भी तीखी बहस हुई। दूसरी ओर काजी तौकीर और स्काउट ओपी के विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। मामला इतना बढ़ गया कि घरवालों को बीच-बचाव करना पड़ा।

आसिफ ने माही विज को किया नॉमिनेट

एपिसोड की शुरुआत में बिग बॉस ने कैप्टन आसिफ को एक कंटेस्टेंट को सीधे नॉमिनेट करने का अधिकार दिया। आसिफ ने माही विज का नाम लिया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि माही अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी, लेकिन उन्होंने उनके निर्देशों का पालन नहीं किया। आसिफ ने माही पर पीठ पीछे बातें करने का आरोप भी लगाया।

मैरी कॉम और अरिशफा के बीच भी तीखी बहस

नॉमिनेशन टास्क के दौरान मैरी कॉम और उदिती के बीच जोरदार बहस हुई। इस विवाद में अरिशफा भी शामिल हो गईं। उदिती और अरिशफा ने मैरी कॉम के व्यवहार पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि घर में सामान्य नियमों के तहत प्रक्रिया चल रही है और हर बात पर ओलंपिक का जिक्र करना सही नहीं है।

काजी तौकीर और स्काउट ओपी का विवाद बढ़ा

घर में काजी तौकीर और स्काउट ओपी के बीच भी तीखी बहस देखने को मिली। गुल्लू ने दोनों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद और बढ़ गया। शो में सामने आई जानकारी के मुताबिक, काजी पर स्काउट के कान में थूकने का आरोप लगा। बाद में इस घटना की चर्चा गुल्लू, अमन और माही के बीच हुई।

जब नकुल धुल ने इस मामले की जानकारी स्काउट और यंग को दी, तो विवाद ने और तूल पकड़ लिया। इसके बाद मामला कथित तौर पर हाथापाई तक पहुंच गया। घर के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव कर स्थिति संभालने की कोशिश की। माही विज ने भी नकुल पर नाराजगी जताई।

क्या शो से बाहर होंगे नकुल धुल?

आने वाले एपिसोड में बिग बॉस घरवालों को एक साथ बुलाकर नियमों के उल्लंघन पर बात करते नजर आ सकते हैं। इस विवाद के बाद नकुल धुल के शो में बने रहने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, उनके निष्कासन को लेकर अभी कोई अंतिम पुष्टि नहीं है।

गौरतलब है कि नकुल धुल ने शो में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री ली थी। अब दर्शकों की नजर अगले एपिसोड पर है, जिसमें इस विवाद पर बिग बॉस का फैसला सामने आ सकता है।