☰
×

Bigg Boss 20: घर में अरिशफा-कनिका की भिड़ंत, गुल्लू से झगड़े में रोईं अरिशफा; स्काउट के फैसले से टूटा लव गिल का दिल

 

 ‘बिग बॉस 20’ के नए एपिसोड में घरवालों के बीच झगड़े, आरोप-प्रत्यारोप और इमोशनल ड्रामा देखने को मिला। एक तरफ अरिशफा की कनिका और गुल्लू के साथ बहस हुई, तो दूसरी ओर नॉमिनेशन टास्क में स्काउट के फैसले से लव गिल भावुक हो गईं। घर में बढ़ते विवादों के बीच कंटेस्टेंट्स भी अलग-अलग गुटों में बंटते नजर आए।

सोने को लेकर अरिशफा और कनिका में बहस

एपिसोड की शुरुआत अलार्म से हुई। इसके बाद माही ने घरवालों से पूछा कि कौन सो रहा था। इस दौरान स्काउट और आसिफ की ओर इशारा किया गया। अरिशफा ने बताया कि आसिफ, स्काउट, कनिका और गुल्लू सो रहे थे।

इस बात पर कनिका नाराज हो गईं। उन्होंने अरिशफा से सवाल किया कि जब वह सो नहीं रही थीं, तो उनका नाम क्यों लिया गया। दोनों के बीच बहस बढ़ने लगी। इस पर माही ने टिप्पणी की कि उनकी कैप्टेंसी में घरवाले लगातार लड़ रहे हैं, लेकिन कम से कम इससे शो को कंटेंट मिल रहा है।

अरिशफा और गुल्लू की लड़ाई में बंटे घरवाले

इसके बाद अरिशफा और गुल्लू के बीच भी विवाद हो गया। गुल्लू ने अरिशफा की पढ़ाई को लेकर टिप्पणी की, जिससे वह नाराज हो गईं और रोने लगीं। गुस्से में अरिशफा ने अपशब्द भी कहे।

माही ने गुल्लू से सवाल किया कि वह अरिशफा को कम पढ़ा-लिखा क्यों कह रहे हैं। दोनों के बीच बहस लगातार बढ़ती गई। मामला इतना बढ़ा कि घर के बाकी सदस्य भी दो पक्षों में बंट गए। कुछ कंटेस्टेंट्स ने गुल्लू का समर्थन किया, जबकि कुछ अरिशफा के पक्ष में नजर आए।

नॉमिनेशन में स्काउट ने लव गिल को किया नॉमिनेट

एपिसोड का सबसे भावुक पल नॉमिनेशन टास्क के दौरान देखने को मिला। स्काउट ने लव गिल को नॉमिनेट कर दिया, जिसके बाद लव खुद को संभाल नहीं पाईं और रोने लगीं।

काजी और यंग ने उन्हें समझाने की कोशिश की। लेकिन लव के लिए स्काउट के फैसले को स्वीकार करना आसान नहीं था। आने वाले एपिसोड के प्रोमो में लव भावुक होकर कहती नजर आती हैं कि घर में हर कोई उन्हें आगे बढ़ने और मूव ऑन करने की सलाह दे रहा है, लेकिन इतने दिनों की दोस्ती को एक दिन में खत्म नहीं किया जा सकता। वह कहती हैं कि उन्हें इस स्थिति से उबरने के लिए थोड़ा समय चाहिए।

स्काउट और लव की दोस्ती में क्यों आई दूरी?

शो में शुरुआत से ही लव गिल और स्काउट के बीच अच्छी दोस्ती देखने को मिली थी। दोनों एक-दूसरे को भाई-बहन कहते थे। हालांकि, स्काउट के लव को छूने से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह रिश्ता चर्चा में आ गया।

शो में रोहित शेट्टी ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा था कि स्क्रीन पर यह अच्छा नहीं लगता। इसके बाद स्काउट की गर्लफ्रेंड काशवी ने घर में आकर लव से भी इस मामले पर बात की। इन घटनाओं के बाद स्काउट और लव के बीच दूरी बढ़ती नजर आई।

अब देखना होगा कि आने वाले एपिसोड में दोनों के रिश्ते में कोई सुधार होता है या उनके बीच की दूरी और बढ़ जाती है। वहीं, अरिशफा, कनिका और गुल्लू के विवाद का असर भी घर के समीकरणों पर पड़ सकता है।