'मातृभूमि' को लेकर बड़ा अपडेट: सलमान खान की फिल्म को CBFC से मिली मंजूरी, UA 16+ सर्टिफिकेट के साथ 4 दिसंबर को होगी रिलीज
सलमान खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। लंबे समय से रिलीज का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए अच्छी खबर है। फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से मंजूरी मिल गई है। सेंसर बोर्ड ने इसे UA 16+ सर्टिफिकेट दिया है। अब यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
CBFC के मुंबई रीजनल ऑफिस ने बुधवार को फिल्म का सर्टिफिकेट जारी किया। बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फिल्म की कुल अवधि 2 घंटे 34 मिनट और 12 सेकंड है। इसे हिंदी भाषा की श्रेणी में प्रमाणित किया गया है।फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसका निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। कहानी एक ऐसे सैनिक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक तरफ देश की रक्षा की जिम्मेदारी निभाता है और दूसरी तरफ अपने परिवार की चिंताओं से जूझता है।
'बैटल ऑफ गलवान' नाम से हुई थी फिल्म की घोषणा
सलमान खान की इस फिल्म की घोषणा शुरुआत में 'बैटल ऑफ गलवान' नाम से की गई थी। इसमें अभिनेता एक सैन्य अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। शुरुआती चर्चाओं में उनके किरदार को कर्नल बी. संतोष बाबू से प्रेरित बताया गया था।
बता दें कि भारतीय सेना की 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल बिक्कुमल्ला संतोष बाबू 15 जून 2020 को पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हुई हिंसक झड़प के दौरान शहीद हो गए थे।
हालांकि, सलमान खान ने 6 नवंबर को फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान स्पष्ट किया था कि यह किसी एक सैनिक की बायोपिक नहीं है। उनके मुताबिक, फिल्म युद्ध के दौरान सैनिकों के साथ-साथ उनके परिवारों को होने वाली परेशानियों और भावनात्मक संघर्ष को भी दिखाती है।
मार्च 2026 में मेकर्स ने फिल्म का नाम बदलकर 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' कर दिया था। नाम में बदलाव के बाद फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई थी।
टीजर के बाद चीन के सरकारी मीडिया ने उठाए थे सवाल
फिल्म का टीजर 27 दिसंबर 2025 को सलमान खान के 60वें जन्मदिन के मौके पर रिलीज किया गया था। इसके बाद चीन के सरकारी मीडिया संस्थान 'ग्लोबल टाइम्स' ने फिल्म की विषयवस्तु पर सवाल उठाए थे।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि फिल्म में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर दिखाया जा सकता है और इससे चीन विरोधी भावनाएं बढ़ सकती हैं। भारत और चीन के बीच कूटनीतिक संबंधों को देखते हुए फिल्म का विषय भी संवेदनशील माना गया।
उस दौरान ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि चीन के साथ संबंधों को ध्यान में रखते हुए फिल्म की स्क्रिप्ट में बदलाव किए गए। हालांकि, इस बारे में अलग-अलग दावे सामने आए थे।
ट्रेलर लॉन्च के दौरान सलमान खान ने कहा था कि फिल्म को सेंसर बोर्ड और संबंधित एजेंसियों ने देखा है। उनके मुताबिक, फिल्म को बिना किसी कट के पास किया गया है। उन्होंने इसके लिए संबंधित मंत्रालयों और सेंसर बोर्ड का आभार भी जताया था।
क्यों टलती रही फिल्म की रिलीज डेट?
'मातृभूमि' की रिलीज को लेकर कई बार तारीखों में बदलाव हुआ। शुरुआत में इसे ईद 2026 यानी 17 अप्रैल को रिलीज करने की योजना थी। इसके बाद अगस्त और 20 नवंबर की तारीखों की चर्चा हुई। आखिरकार मेकर्स ने फिल्म को 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में लाने का फैसला किया।
सलमान खान ने फिल्म की रिलीज में देरी के पीछे दो प्रमुख वजहें बताई थीं।
पहली वजह VFX पर काम: सलमान के मुताबिक, फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स को बेहतर बनाने के लिए मेकर्स ने अतिरिक्त समय लिया। आजकल दर्शक और VFX एक्सपर्ट हर सीन को बारीकी से देखते हैं। ऐसे में टीम नहीं चाहती थी कि फिल्म के किसी भी दृश्य में तकनीकी कमी रह जाए।
दूसरी वजह चित्रांगदा सिंह की चोट: फिल्म की शूटिंग करीब 45 से 50 दिनों में पूरी करने की योजना थी, लेकिन शूटिंग के दौरान चित्रांगदा सिंह को चोट लग गई। उन्हें ठीक होने और फिजियोथेरेपी कराने के लिए समय देना पड़ा। इससे फिल्म का शूटिंग शेड्यूल प्रभावित हुआ और काम आगे बढ़ गया।
फिल्म में नजर आएंगे कई कलाकार
सलमान खान और चित्रांगदा सिंह के अलावा फिल्म में अंकुर भाटिया, हीरा सोहल, दयाशंकर पांडे, जैसन थाम, अभिलाष चौधरी, विपिन भारद्वाज, समर गिल, तेनजिन बोथ, तान्या देसाई, जेन शॉ और अभिश्री सेन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। इसका निर्माण सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले हुआ है, जबकि सिनेमाघरों में फिल्म का वितरण जियो स्टूडियोज करेगा।
4 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी 'मातृभूमि'
सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट मिलने के बाद अब फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। करीब 2 घंटे 34 मिनट की यह फिल्म देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के जीवन और उनके पारिवारिक संघर्षों को पर्दे पर पेश करेगी। अब दर्शकों को 4 दिसंबर का इंतजार है, जब सलमान खान एक अलग अंदाज में बड़े पर्दे पर नजर आएंगे।