☰
×

बॉलीवुड से आई बड़ी खुशखबरी! कियारा और सिद्धार्थ मल्होत्रा जल्द बनेंगे दोबारा पेरेंट्स, फैंस में खुशी की लहर

 

बॉलीवुड के चर्चित कपल कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा के घर एक बार फिर खुशियां आने वाली हैं। दोनों दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं। कपल ने बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर फैंस के साथ यह खुशखबरी साझा की।कियारा और सिद्धार्थ ने एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की, जिसमें नन्हे बच्चे के मोजे और जूते नजर आ रहे हैं। पोस्ट के साथ दोनों ने लिखा कि एक बार फिर उनकी जिंदगी में सबसे बड़ा तोहफा आने वाला है और उनके दिल प्यार और आभार से भर गए हैं।

2023 में हुई थी शादी

कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने 7 फरवरी 2023 को शादी की थी। दोनों ने राजस्थान के जैसलमेर स्थित सूर्यगढ़ पैलेस में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की थी।दोनों की लव स्टोरी की चर्चा फिल्म ‘शेरशाह’ के दौरान शुरू हुई थी। इस फिल्म में सिद्धार्थ ने कैप्टन विक्रम बत्रा और कियारा ने डिंपल चीमा का किरदार निभाया था। फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उनका रिश्ता शादी तक पहुंचा।

जुलाई 2025 में पहली बार बने थे माता-पिता

शादी के करीब दो साल बाद, जुलाई 2025 में कियारा और सिद्धार्थ पहली बार माता-पिता बने थे। दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए बताया था कि उनके घर बेटी ने जन्म लिया है।इसके बाद नवंबर 2025 में कपल ने अपनी बेटी का नाम भी फैंस के साथ शेयर किया। दोनों ने अपनी बेटी का नाम सरायाह मल्होत्रा बताया था और उसे अपनी प्यारी राजकुमारी कहा था।

सिद्धार्थ ने बताया था पिता बनने का अनुभव

हाल ही में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने पिता बनने के अनुभव को लेकर भी बात की थी। टीवी शो ‘बिग बॉस 20’ में सलमान खान ने उनसे शादीशुदा जिंदगी और पिता बनने को लेकर सवाल किया था।सिद्धार्थ ने बताया था कि पिता बनना उनके लिए जिंदगी की सबसे खास भूमिकाओं में से एक है। उन्होंने अपनी बेटी को बेहद प्यारा बताते हुए कहा था कि वह हर दिन कुछ नया सीख रही है।इसी बातचीत के दौरान सलमान खान ने मजाकिया अंदाज में सिद्धार्थ से जल्द एक और बच्चा होने की बात भी कही थी। उस वक्त दूसरी प्रेग्नेंसी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई थी।

मां बनने के बाद बदली कियारा की जिंदगी

मां बनने के बाद कियारा ने भी अपनी जिंदगी में आए बदलावों के बारे में बात की थी। राज शमानी के पॉडकास्ट में उन्होंने बताया था कि मां बनने से पहले और बाद में उन्हें खुद में काफी बदलाव महसूस हुआ है। उन्होंने कहा था कि मां बनने के बाद वह खुद को एक अलग इंसान के रूप में महसूस करती हैं।अब दूसरी बार माता-पिता बनने की खबर के बाद फैंस कपल को सोशल मीडिया पर जमकर बधाइयां दे रहे हैं।

दोनों का फिल्मी करियर भी रहा शानदार

सिद्धार्थ मल्होत्रा ने एक्टिंग से पहले मॉडलिंग की थी और 2010 में फिल्म ‘माई नेम इज़ खान’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया था। इसके बाद 2012 में ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से बतौर अभिनेता बॉलीवुड डेब्यू किया।सिद्धार्थ ने ‘हंसी तो फंसी’, ‘एक विलेन’, ‘कपूर एंड संस’ और ‘शेरशाह’ जैसी फिल्मों में काम किया है।

वहीं कियारा आडवाणी ने 2014 में ‘फगली’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ से उन्हें बड़ी पहचान मिली। कियारा ‘कबीर सिंह’, ‘गुड न्यूज’, ‘भूल भुलैया 2’, ‘जुगजुग जीयो’ और ‘सत्यप्रेम की कथा’ जैसी फिल्मों का हिस्सा रही हैं।अब प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ दोनों की पर्सनल लाइफ भी एक बार फिर सुर्खियों में है। दूसरी बार माता-पिता बनने की खबर ने फैंस की खुशी दोगुनी कर दी है।