×

भूमि पेडनेकर ने 'दलदल' का वीडियो शेयर कर दर्शकों का आभार जताया

 

मुंबई, 28 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेत्री भूमि पेडनेकर इन दिनों अपनी हालिया रिलीज वेब सीरीज दलदल को लेकर सुर्खियों में हैं। यह सीरीज अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई है, जिसमें भूमि ने एक जांबाज और मजबूत पुलिस अधिकारी की भूमिका अदा की है।

सीरीज एक मनोवैज्ञानिक क्राइम थ्रिलर है, जो दर्शकों को अपनी गहरी कहानी और तीव्र प्रदर्शन से बांधे रखती है। भूमि ने शनिवार को इंस्टाग्राम पर 'दलदल' के कुछ (बीटीएस) वीडियो शेयर किए। इन वीडियो में शूटिंग के पीछे के मजेदार और मेहनती पल दिखाए गए हैं। पोस्ट के साथ अभिनेत्री ने लिखा, "सीरीज को रिलीज हुए एक महीना पूरा बीत गया। इस दौरान मैंने सिर्फ आभार और प्यार की भावना ही महसूस की।

भूमि ने आगे बताया कि इन बीटीएस पलों को देखकर उन्हें शूटिंग के दिनों की याद आ गई। उन्होंने लिखा, "इन बीटीएस पलों को देखकर मुझे शूटिंग के दौरान की सारी हलचल, घबराहट, लंबे-लंबे दिन और कुछ शांत पल याद आ जाते हैं, लेकिन सबसे ज्यादा मुझे दर्शकों का वो प्यार याद आता है जो रिलीज के बाद उन्होंने दिया।"

उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने में उन्होंने फैंस के ढेर सारे मैसेज पढ़े, उनके बनाए खूबसूरत एडिट देखे, कॉल्स रिसीव किए, वीडियो देखे और हर डायरेक्ट मैसेज (डीएम) को ध्यान से पढ़ा। कई बार तो एक ही मैसेज को दो-दो बार भी देखा।

भूमि ने अपने फैंस का दिल से शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, "शो को इतने प्यार से अपनाने के लिए धन्यवाद। मेरे किरदार को इतनी गर्मजोशी से गले लगाने के लिए धन्यवाद। हर फ्रेम में हमने जो मेहनत, ईमानदारी और सच्चाई डालने की कोशिश की, उसे समझने और सराहने के लिए धन्यवाद।"

अभिनेत्री ने अपनी बात को खत्म करते हुए लिखा कि एक अभिनेत्री के तौर पर उन्हें हमेशा यही उम्मीद रहती है कि उनका काम दर्शकों के दिल तक वैसा ही पहुंचे, जैसा हमने बनाते समय सोचा था। उन्होंने लिखा, "'दलदल' के साथ यह उम्मीद पूरी हुई है और यह सब आपके प्यार और सपोर्ट की वजह से संभव हुआ है।"

--आईएएनएस

एनएस/डीकेपी