भगवान श्रीकृष्ण के किरदार के जरिए दर्शकों के दिलों पर नीतीश ने किया राज, छोड़ी अमिट छाप
मुंबई, 1 जून (आईएएनएस)। भारतीय टेलीविजन और सिनेमा जगत के प्रसिद्ध अभिनेता, निर्देशक तथा पूर्व सांसद नीतीश भारद्वाज का जन्म 2 जून 1963 को महानगर मुंबई (तत्कालीन बॉम्बे) में हुआ था। एक साधारण मराठी ब्राह्मण परिवार में जन्मे नीतीश ने न केवल अभिनय की दुनिया में अपनी अमिट छाप छोड़ी, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के किरदार के जरिए लाखों-करोड़ों दर्शकों के दिलों पर राज किया।
नीतीश का परिवार मराठी ब्राह्मण भारद्वाज गोत्र से संबंध रखता है। स्कूली शिक्षा गोखले एजुकेशन सोसाइटी के डीजीटी हाई स्कूल और रॉबर्ट मनी स्कूल से पूरी करने के बाद उन्होंने बॉम्बे वेटरनरी कॉलेज से वेटरनरी साइंस एंड एनिमल हसबैंड्री में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने विल्सन कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई भी की।
नीतीश ने दो शादियां कीं। उन्होंने पहली शादी वर्ष 1991 में मोनिषा पाटिल से की थी। यह विवाह वर्ष 2005 तक चला। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2009 में स्मिता से शादी की। अभिनेता बनने की चाहत में नीतीश मराठी थिएटर से जुड़े और यहीं से उनके अभिनय सफर की शुरुआत हुई।
वर्ष 1988 में बी.आर. चोपड़ा के धारावाहिक 'महाभारत' ने उनके जीवन की दिशा बदल दी। मात्र 23-24 वर्ष की उम्र में उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण का किरदार निभाया और रातोंरात लोकप्रिय हो गए। उनकी मधुर आवाज, दिव्य मुस्कान और आध्यात्मिक आभा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बाद में उन्होंने 'विष्णु पुराण' और अन्य धार्मिक धारावाहिकों में भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों को भी पर्दे पर जीवंत किया। 'महाभारत' में यह किरदार निभाने के बाद नीतीश को 'टीवी का कृष्ण' कहा जाने लगा।
टीवी के अलावा नीतीश ने बड़े पर्दे पर भी अपने अभिनय की छाप छोड़ी। उन्होंने कई मराठी फिल्मों में मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। इसके अलावा उन्होंने मलयालम सिनेमा में भी काम किया है। हिंदी सिनेमा की बात करें तो नीतीश ने 'केदारनाथ' और 'मोहनजोदड़ो' जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया है।
नीतीश केवल अभिनय की दुनिया तक सीमित नहीं रहे। उन्होंने वर्ष 1996 में भाजपा के टिकट पर जमशेदपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। इसके बाद वर्ष 1999 में वह कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह के खिलाफ मध्य प्रदेश की राजगढ़ लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरे, लेकिन उन्हें यहां हार का सामना करना पड़ा।
--आईएएनएस
एसडी/एएस