'बबीता सिंह रिपोर्टिंग' का ट्रेलर रिलीज, क्या बेबी पता लगा पाएगी कातिल का सच?
मुंबई, 21 अगस्त (आईएएनएस)। इन्वेस्टिगेटिव क्राइम-ड्रामा फिल्म 'बबीता सिंह रिपोर्टिंग' के मेकर्स ने शुक्रवार को फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। इसमें एक ऐसी सस्पेंस से भरी जांच की झलक देखने को मिलती है, जहां एक हत्या के बाद कई राज, शक और खुलासे होते हैं।
ट्रेलर में दिखाया गया है कि बबीता (बेबी) नाम महिला एक युवा पुलिस ऑफिसर होती है। उसकी दुनिया तब हिल जाती है, जब उसके बचपन के दोस्त बंसी की हत्या हो जाती है। बंसी का किरदार वरुण सोबती ने निभाया है।
कातिल को पकड़ने के लिए बेबी सबूतों के पीछे जाती है और उसे कई अनजान सच्चाइयां पता चलती हैं। केस आगे बढ़ता है तो वह और भी पर्सनल होता जाता है और बेबी खुद एक ऐसे राज के बीच फंस जाती है जिसने उसकी सोच ही बदल दी। क्या बेबी कत्ल का सच पता लगा पाएगी, या उससे पहले उसे खुद अपने बारे में कुछ कड़वे सच का सामना करना पड़ेगा?
अंबिका पंडित द्वारा निर्देशित फिल्म का लेखन अमिता व्यास ने किया है। सौरभ मल्होत्रा, मनुज मित्रा और टीना थारवानी फिल्म को फिल्म स्क्वाड प्रोडक्शन के बैनर तले एक्ट थ्री के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म में निमिषा सजयन, वरुण सोबती और अंशुमान पुष्कर मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह अमेजन प्राइम वीडियो पर 28 अगस्त को रिलीज होने वाली है।
बबीता सिंह रिपोर्टिंग की डायरेक्टर अम्बिका पंडित ने फिल्म को लेकर कहा, "यह एक ऐसी इन्वेस्टिगेशन की कहानी है, जो मर्डर से भी कहीं ज्यादा बातें सामने लाती है। मैं चाहती थी कि कहानी मिस्ट्री और इमोशन के साथ चले और कहानी को दिलचस्प बनाए रखे। यह फिल्म उस कहानी को भी पेश करती हैं, जिसका कई महिलाओं ने सामना किया है। मैं उत्साहित हूं कि भारत और दुनिया भर के दर्शक 28 अगस्त को प्राइम वीडियो पर बबीता सिंह रिपोर्टिंग का प्रीमियर देखें।"
बबीता सिंह उर्फ बेबी का रोल करने वाली निमिषा सजयन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "बेबी उन किरदारों में से एक है जो मेरे साथ जीवंत रही है और कई मायनों में इस कहानी ने एक इंसान के तौर पर मुझे बदल दिया है। इस किरदार को निभाने से मुझे कई मायनों में अपने अंदर झांकने और अपने कई रिश्तों के बारे में सोचने का मौका मिला है।"
--आईएएनएस
एनएस/एएस