☰
×

Avengers Doomsday Trailer: डॉक्टर डूम के सामने थोर भी पड़े कमजोर, ट्रेलर में छिपे 5 बड़े राज ने बढ़ाया सस्पेंस

 

मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ को लेकर फैंस का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। फिल्म में इस बार कई सुपरहीरोज एक साथ नजर आने वाले हैं। अब इसके ट्रेलर ने भी दर्शकों के बीच हलचल मचा दी है। करीब तीन मिनट के इस ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन, नए किरदारों की एंट्री और कई ऐसे संकेत देखने को मिले हैं, जो फिल्म की कहानी को लेकर बड़े सवाल खड़े करते हैं।

ट्रेलर में सबसे ज्यादा चर्चा डॉक्टर डूम की ताकत और एक रहस्यमयी खतरे की हो रही है। इसके अलावा एक सुपरहीरो की जान पर भी खतरा मंडराता दिखाई देता है। हालांकि, मेकर्स ने यह साफ नहीं किया है कि आखिर किसकी मौत हो सकती है। यही सस्पेंस फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा रहा है।

ट्रेलर में छिपे हैं कहानी के 5 बड़े राज

1. स्टीव रोजर्स के परिवार पर मंडराया खतरा

ट्रेलर में स्टीव रोजर्स और पेगी कार्टर की जिंदगी की झलक दिखाई देती है। ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ के बाद दोनों अपने बेटे के साथ नजर आते हैं। हालांकि, उनके परिवार से जुड़ा एक रहस्य सामने आता है। संकेत मिलते हैं कि डॉक्टर डूम उनके परिवार के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।

2. एवेंजर्स, एक्स-मेन और फैंटास्टिक फोर का महा-मिलन

फिल्म की सबसे बड़ी खासियत तीन सुपरहीरो टीमों का एक साथ आना है। एवेंजर्स, एक्स-मेन और फैंटास्टिक फोर पहली बार डॉक्टर डूम के खिलाफ एकजुट होते दिखाई देंगे। ट्रेलर में इस मिलन को जिस अंदाज में दिखाया गया है, वह ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ के मशहूर ‘एवेंजर्स! असेंबल’ सीन की याद दिलाता है।

3. एक्स-मेन और एवेंजर्स के बीच टकराव

ट्रेलर में सैम विल्सन और साइक्लोप्स आमने-सामने नजर आते हैं। कुछ दृश्यों में दोनों टीमों के सदस्य एक-दूसरे से भिड़ते भी दिखाई देते हैं। साइक्लोप्स का मशहूर डायलॉग ‘To me, my X-Men’ भी सुनने को मिलता है। इसके बाद दोनों टीमों का सेंटिनल्स के खिलाफ एकजुट होना कहानी में किसी बड़ी गलतफहमी या टकराव की ओर इशारा करता है।

4. डॉक्टर डूम के साथ दिखेंगी रहस्यमयी महिलाएं

ट्रेलर में डॉक्टर डूम के साथ तीन रहस्यमयी महिलाओं की झलक भी दिखाई गई है। इन्हें ‘लैटवेरियन विचेज’ बताया जा रहा है। उनकी मौजूदगी कहानी में जादुई शक्तियों और मल्टीवर्स से जुड़े किसी बड़े खतरे की संभावना को बढ़ाती है। हालांकि, इन किरदारों की असली भूमिका अभी सामने नहीं आई है।

5. थोर भी नहीं कर पाएंगे डॉक्टर डूम का मुकाबला?

ट्रेलर में डॉक्टर डूम को बेहद शक्तिशाली दिखाया गया है। थोर जैसे ताकतवर सुपरहीरो भी उनके सामने कमजोर पड़ते नजर आते हैं। दोनों के बीच टकराव की झलक से साफ है कि इस बार एवेंजर्स के सामने अब तक की सबसे बड़ी चुनौती हो सकती है।

कब रिलीज होगी ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’?

‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ 18 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में रॉबर्ट डाउनी जूनियर डॉक्टर डूम के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा क्रिस इवांस स्टीव रोजर्स यानी कैप्टन अमेरिका और क्रिस हेम्सवर्थ थोर की भूमिका में वापसी करेंगे।

फिल्म की स्टार कास्ट में पॉल रड, लेटिटिया राइट, सेबेस्टियन स्टेन, टॉम हिडलेस्टन और सिमु लियू जैसे कलाकार भी शामिल हैं। इतने बड़े सुपरहीरो क्रॉसओवर और डॉक्टर डूम के खतरनाक अंदाज को देखते हुए फिल्म से दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। अब देखना होगा कि फिल्म में ट्रेलर के ये रहस्य किस तरह सामने आते हैं।