7 साल की उम्र में ऋषि कपूर ने लगाई थी पुष्कर जोग को डांट, फुटेज में देंखे रो पड़े थे एक्टर; नाना पाटेकर ने किया था बचाव
मराठी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर पुष्कर जोग ने अपने बचपन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि महज 7 साल की उम्र में जब वह पहली बार हिंदी फिल्म के सेट पर पहुंचे थे, तब अभिनेता ऋषि कपूर ने उन्हें डांट दिया था। उस समय पुष्कर इतने छोटे थे कि फिल्म के बड़े सेट का माहौल और शूटिंग की बारीकियां उनके लिए बिल्कुल नई थीं। ऋषि कपूर की डांट से वह इतना डर गए थे कि सेट पर ही रोने लगे थे। हालांकि, इस मुश्किल घड़ी में अभिनेता नाना पाटेकर ने उनका बचाव किया था।पुष्कर जोग ने हाल ही में ‘गलाटा इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में इस पुराने वाकये को याद किया। उन्होंने बताया कि यह घटना साल 1995 में आई फिल्म ‘हम दोनों’ की शूटिंग के दौरान हुई थी। उस वक्त वह सिर्फ सात साल के थे और पहली बार किसी हिंदी फिल्म के सेट पर काम कर रहे थे।
100-150 लोगों के सेट पर पहली बार पहुंचे थे पुष्कर
पुष्कर ने बताया कि उनके लिए हिंदी फिल्म का सेट बिल्कुल नया अनुभव था। उन्होंने कहा कि वह पहली बार ऐसे सेट पर पहुंचे थे, जहां करीब 100 से 150 लोग मौजूद थे। उन्हें शूटिंग की प्रक्रिया और सेट पर काम करने के तौर-तरीकों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी।पुष्कर के मुताबिक, इसी दौरान ऋषि कपूर ने उन्हें डांट दिया। उन्होंने इंटरव्यू में कहा, “ऋषि कपूर सर ने उस समय मुझे डांटा था। मैं सिर्फ 7 साल का बच्चा था। मुझे कुछ नहीं पता था।” उन्होंने बताया कि डांट पड़ने के बाद वह काफी भावुक हो गए और रोने लगे थे।
नाना पाटेकर ने किया था बचाव
इस घटना के बाद नाना पाटेकर ने पुष्कर का बचाव किया। दरअसल, पुष्कर के मुताबिक उन्हें इस फिल्म में काम दिलाने में नाना पाटेकर की अहम भूमिका थी। उन्होंने बताया कि नाना ने उनके लिए किसी ऑडिशन की जरूरत नहीं समझी थी।पुष्कर ने नाना पाटेकर के शब्दों को याद करते हुए बताया, “मेरा पुणे का बच्चा है, वो ही यह रोल करेगा।” नाना के इस भरोसे के बाद पुष्कर को फिल्म में काम करने का मौका मिला।
बचपन की याद आज भी है खास
पुष्कर जोग के लिए यह अनुभव भले ही उस समय भावुक करने वाला रहा हो, लेकिन आज वह इसे अपने कयर के शुरुआती दौर की एक खास याद के तौर पर देखते हैं। महज सात साल की उम्र में हिंदी सिनेमा के बड़े कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिलना उनके लिए काफी बड़ा अनुभव था।ऋषि कपूर और नाना पाटेकर जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ सेट पर बिताया गया वह दौर पुष्कर के जेहन में आज भी बना हुआ है। खासतौर पर नाना पाटेकर का उनके पक्ष में खड़ा होना उनके लिए उस बचपन की याद का अहम हिस्सा है।